सड़कें सुधारो वरना जवाबदेही तय होगी
सिवनी में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अफसरों की क्लास
Seoni 31 December 2025
सिवनी यशो:- जिले में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर सिवनी सड़क सुरक्षा समिति बैठक में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले और पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़कों की बदहाली, दुर्घटना संभावित स्थलों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क निर्माण एजेंसियों,
सिवनी सड़क सुरक्षा समिति बैठक में एमपीआरडीसी और एनएचएआई द्वारा किए जा रहे सड़क कार्यों की समीक्षा की गई।
हाईवे से लेकर शहर तक सुधार के आदेश
बैठक में एमपीआरडीसी द्वारा किए जा रहे नगझर–खैरीटेक मार्ग, सिवनी–मंडला और सिवनी–कटंगी मार्ग पर खतरनाक जंक्शन पॉइंट्स को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए।
जहां आवश्यकता हो वहां हाईमास्ट लाइट, रोड मार्किंग और संकेतक लगाने को कहा गया।
कलेक्टर पटले ने एनएचएआई अधिकारियों को सिवनी–छिंदवाड़ा, लखनादौन–नागपुर और नरसिंहपुर मार्ग की मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि सड़कें खराब रहीं तो जवाबदेही तय की जाएगी।
ओवरस्पीड और अवैध पार्किंग पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि
-
ओवरस्पीडिंग
-
अवैध पार्किंग
-
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन
पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियानों को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बाजारों से हटेगा अतिक्रमण
कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाकर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साफ कहा गया कि-
सड़क पर व्यापार के नाम पर लोगों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती।
मानसून में टूटी सड़कें जल्द सुधरेंगी
बैठक में सभी सड़क निर्माण विभागों को मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए,
ताकि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
बड़ा सवाल
प्रशासन के निर्देशों के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि
क्या जमीनी स्तर पर सुधार दिखेगा?
या फिर फाइलों में ही सड़क सुरक्षा सिमटकर रह जाएगी?
साफ है— अगर निर्देशों पर अमल नहीं हुआ, तो अगली कार्रवाई और भी सख्त होगी।
अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि सिवनी सड़क सुरक्षा समिति बैठक के निर्देशों की अनदेखी करने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।



