भीमगढ़ नहर में पानी छोड़े जाने के बावजूद चार गांवों के किसान सिंचाई के लिए परेशान, करीब 250 किसानों की 250 हेक्टेयर फसल पर संकट
Seoni, 25 November 2026
सिवनी यशो:- रबी फसलों की बोवनी के बाद इन दिनों किसानों को सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन भीमगढ़ दाईं तट मुख्य नहर में पानी छोड़े जाने के बावजूद कान्हीवाड़ा लिफ्ट सिंचाई योजना से जुड़े चार गांवों के किसानों को खेतों तक पानी नहीं मिल पा रहा है।
किसानों का आरोप है कि योजना के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से लगातार संपर्क करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे करीब 250 किसानों की लगभग 250 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग के कान्हीवाड़ा उपसंभाग के अंतर्गत संचालित कान्हीवाड़ा लिफ्ट सिंचाई योजना से कामता, कान्हीवाड़ा, रमपुरी और सालईटोला गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। किसानों का कहना है कि मुख्य नहर में 10 नवंबर से पानी छोड़ा जा चुका है, लेकिन योजना के माध्यम से अब तक उनके खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा है।
किसानों ने बताया कि चारों गांवों के किसानों ने 21 नवंबर को अमीन और सुपरवाइजर की मौजूदगी में कुल 1 लाख 86 हजार 500 रुपये जमा किए हैं। इसके बावजूद सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है।
किसानों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर कभी आज तो कभी कल पानी पहुंचने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कई बार फोन लगाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी फोन नहीं उठाते, जिससे किसानों को अपनी परेशानी बताने और समाधान कराने में कठिनाई हो रही है।
किसानों के अनुसार सिंचाई में हो रही देरी से खेतों में खड़ी फसलों पर संकट मंडरा रहा है।
रबी सीजन में समय पर पानी नहीं मिलने से फसल प्रभावित होने की आशंका है। किसान गोवर्धन कुरवेटी, जनपद सदस्य इंद्रकुमार झांगेला और किसान देवीप्रसाद चंद्रवंशी सहित अन्य किसानों ने विभाग से तत्काल पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
किसानों का यह भी कहना है कि संबंधित कर्मचारियों की मछियाना में उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर किसान उनसे सीधे संपर्क कर सकें और सिंचाई संबंधी समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके।
एसडीओ ने आरोपों को बताया गलत
इस मामले में सिंचाई विभाग के एसडीओ उदयभान सिंह मरस्कोले का कहना है कि किसानों को पहले ही एक बार पानी दिया जा चुका है। किसानों द्वारा लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं और कुछ किसान इस मामले में राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ किसान सिंचाई के लिए अपनी मोटर लगा लेते हैं, जिससे पानी के वितरण में असंतुलन पैदा होता है और अन्य किसानों तक पानी पहुंचने में परेशानी आती है।
किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने की मांग
एक ओर किसान 1 लाख 86 हजार 500 रुपये जमा करने के बाद भी खेतों तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत कर रहे हैं, वहीं विभागीय अधिकारी एक बार पानी दिए जाने और मोटरों के कारण वितरण प्रभावित होने की बात कह रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि जल संसाधन विभाग मौके पर स्थिति की जांच कर वास्तविक समस्या का पता लगाए और चारों गांवों के किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराए, ताकि उनकी मेहनत और फसलें बर्बाद होने से बच सकें।