Sun, 29 Nov 2026 | 08:14:26 AM
Dainik Yashonnati
Breaking News Exclusive
सेवा दूत अभियान को सफल बनाने बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं कार्यकर्ता : अशोक रोहाणी तीन बीईओ का मामला आया सामने, कलेक्टर ने दो को मूल पदस्थापना पर लौटाने के दिए निर्देश दादाधाम एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा से चलाने की मांग तेज, प्रधानमंत्री और रेलमंत्री को भेजेंगे पोस्टकार्ड कुरई में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त एमआरएफ प्लांट के निर्माण में देरी पर कलेक्टर नाराज, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश प्राचीन पांडुलिपियों में छिपा है भारतीय ज्ञान का खजाना, पुस्तकालय विशेषज्ञ आगे आएं : डॉ. संजीव सराफ बरघाट के बम्होडी गांव में लाखों की चोरी, करीब 20 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े चोर अशोक शरणागत बने कुरई जनपद में सांसद प्रतिनिधि, भारती पारधी ने सौंपी जिम्मेदारी केस में खात्मा लगाने के नाम पर मांगे एक लाख, 50 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार जल संसाधन विभाग में अफसरशाही हावी, मुख्यालय से नदारद अधिकारी! सेवा दूत अभियान को सफल बनाने बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं कार्यकर्ता : अशोक रोहाणी तीन बीईओ का मामला आया सामने, कलेक्टर ने दो को मूल पदस्थापना पर लौटाने के दिए निर्देश दादाधाम एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा से चलाने की मांग तेज, प्रधानमंत्री और रेलमंत्री को भेजेंगे पोस्टकार्ड कुरई में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त एमआरएफ प्लांट के निर्माण में देरी पर कलेक्टर नाराज, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश प्राचीन पांडुलिपियों में छिपा है भारतीय ज्ञान का खजाना, पुस्तकालय विशेषज्ञ आगे आएं : डॉ. संजीव सराफ बरघाट के बम्होडी गांव में लाखों की चोरी, करीब 20 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े चोर अशोक शरणागत बने कुरई जनपद में सांसद प्रतिनिधि, भारती पारधी ने सौंपी जिम्मेदारी केस में खात्मा लगाने के नाम पर मांगे एक लाख, 50 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार जल संसाधन विभाग में अफसरशाही हावी, मुख्यालय से नदारद अधिकारी!

अपर सचिव बयान पर बवाल : मंडला के विकास पर छिड़ा सियासी घमासान, अपर सचिव और सांसद आमने-सामने; कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

Dainik Yashonnati

Dainik Yashonnati / Nov 28, 2026 11:55 am / Post views : 23

मंडला के विकास पर छिड़ा सियासी घमासान, अपर सचिव और सांसद आमने-सामने; कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
शेयर करें:

5 हजार करोड़ के निवेश की जरूरत बताने वाले लक्ष्मण सिंह मरकाम पर फग्गन सिंह कुलस्ते का पलटवार, जनजातीय समाज के उत्थान में सांसद के योगदान की भी हो रही चर्चा

मंडला यशो :-जनजातीय बहुल मंडला जिले के विकास और पिछड़ेपन को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम के एक बयान ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे मरकाम ने जिले की विकास संभावनाओं पर चर्चा करते हुए करीब 5 हजार करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता बताई। उनके इस बयान पर मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका और बयान पर सवाल खड़े किए। विवाद में कांग्रेस भी कूद पड़ी है। कांग्रेस ने सांसद और अपर सचिव दोनों को घेरते हुए जिले के अधूरे विकास कार्यों का हिसाब मांगा है। वहीं, मैथिल ब्राह्मण समाज से जुड़ी टिप्पणी पर सामाजिक विरोध भी सामने आया है।

5 हजार करोड़ के निवेश की जरूरत, अवसरों के लिए संघर्ष की बात

सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने मंडला जिले की विकास संभावनाओं और चुनौतियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिले की लगभग 12 लाख आबादी में 85 प्रतिशत लोग ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करते हैं। यहां वन संसाधन, जैविक खेती, पर्यटन, मशरूम उत्पादन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

मरकाम ने जिले के विकास के लिए करीब 5 हजार करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता बताई। उन्होंने शहडोल, सिवनी, बालाघाट और छिंदवाड़ा में मेडिकल कॉलेज खुलने तथा अमरकंटक विश्वविद्यालय का अवसर हाथ से निकल जाने का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि विकास के अवसर थाली में परोसकर नहीं मिलते, बल्कि उन्हें संसद में संघर्ष करके हासिल करना पड़ता है।

इसी दौरान उन्होंने मैथिल ब्राह्मण समाज के लोगों के मछली व्यवसाय के सिलसिले में मंडला आकर बसने का उल्लेख किया, जिस पर बाद में सामाजिक आपत्ति भी सामने आई।

कुलस्ते का तीखा पलटवार, अपर सचिव को डेपुटेशन से हटाने की मांग

अपर सचिव के बयान पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डेपुटेशन पर आए किसी नौकरशाह को सरकार के बारे में गलत जानकारी देकर जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए। इस तरह की टिप्पणी पर उन्हें शर्म आनी चाहिए।

कुलस्ते ने 5 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की बात को अव्यावहारिक बताते हुए अपने लंबे सार्वजनिक जीवन और क्षेत्र में कराए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तीन बार केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में रानी दुर्गावती शहीद स्मारक और भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि इसका नाम पहले भी प्रस्तावित था, लेकिन फॉरेस्ट क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने मरकाम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें डेपुटेशन से हटाने की मांग भी की।

शिक्षा के अंधकार से विकास की मुख्यधारा तक, कुलस्ते के योगदान की भी चर्चा

मंडला के विकास की मौजूदा बहस के बीच सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के लंबे सार्वजनिक जीवन और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। क्षेत्र में आम चर्चा रही है कि उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन जनजातीय बहुल मंडला की सामाजिक परिस्थितियों में बदलाव लाने और समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समर्पित किया है।

शिक्षा के घोर अंधकार से बाहर निकालकर जनजातीय समाज को जागरूक, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उनके प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जाता है। जनजातीय अस्मिता, संस्कृति, परंपराओं और गौरव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही समाज को शिक्षा, रोजगार और आर्थिक सक्षमता के अवसरों से जोड़ने के लिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

जनजातीय समाज को सामाजिक सम्मान और विकास के अवसरों से जोड़ने की दिशा में उनके योगदान की चर्चा आज भी होती है। ऐसे में मंडला के विकास पर होने वाली किसी भी बहस में उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और क्षेत्र के लिए किए गए प्रयासों को भी उचित संदर्भ में देखना जरूरी है। हालांकि विकास की निरंतर प्रक्रिया में वर्तमान चुनौतियों और अधूरे कार्यों पर सवाल उठना भी स्वाभाविक है।

कांग्रेस ने दोनों को घेरा, 40 साल के विकास का मांगा हिसाब

इस विवाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने सांसद और अपर सचिव दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच चल रही बयानबाजी में मंडला के वास्तविक विकास के मुद्दे पीछे छूट रहे हैं।

मर्सकोले ने सवाल उठाया कि आखिर 40 वर्षों में मंडला तक रेल सुविधा क्यों नहीं पहुंच सकी और जबलपुर-मंडला मार्ग फोरलेन क्यों नहीं बन पाया? उन्होंने मरकाम के बयान को राजनीतिक बताते हुए मांग की कि वे मुख्यमंत्री से चर्चा कर मंडला के लिए विशेष बजट उपलब्ध कराएं। साथ ही पिछले 40 वर्षों के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर सर्वदलीय चर्चा कराई जाए, ताकि जिले की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।

मैथिल ब्राह्मण समाज से जुड़ी टिप्पणी पर भी विरोध

अपर सचिव के बयान में मैथिल ब्राह्मण समाज के मंडला आने को मछली व्यवसाय से जोड़ने पर सामाजिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। मंडला निवासी जयदत्त झा ने इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मरकाम को समाज का इतिहास और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि समझने की नसीहत दी है।

बयानबाजी से आगे बढ़े विकास की बहस

मंडला में शुरू हुई यह बहस अब एक प्रशासनिक अधिकारी और सांसद के बीच जुबानी जंग तक सीमित नहीं रह गई है। इसमें कांग्रेस और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी जुड़ गई हैं। लेकिन इन तमाम आरोप-प्रत्यारोप के बीच जिले की जनता के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि मंडला को बेहतर रेल सुविधा, सड़कों, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के पर्याप्त अवसर कब मिलेंगे?

मंडला के विकास में अब तक हुए प्रयासों और योगदान का मूल्यांकन अपनी जगह है, लेकिन भविष्य की जरूरतों के लिए ठोस कार्ययोजना, पर्याप्त बजट और समयबद्ध क्रियान्वयन भी जरूरी है। आखिरकार जिले को बयानबाजी नहीं, विकास के धरातल पर दिखाई देने वाले परिणाम चाहिए।

Live

लाइव क्रिकेट Score

Live

दैनिक राशिफल Daily

ज्योतिष