पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सीमेंट-कंक्रीट सड़कों की मरम्मत अधूरी, नलों में टोंटियां तक नहीं लगाईं; तकनीकी और वित्तीय जांच के साथ जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
Seoni, 23 November 2026
सिवनी यशो:- ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत कुरई विकासखंड के ग्राम मोहगांव सड़क में सवालों के घेरे में है। यहां लाखों रुपये की लागत से नलजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने और घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने का कार्य कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य की कथित अधूरी स्थिति और लापरवाही ने योजना की गुणवत्ता तथा उसके हैंडओवर की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राम मोहगांव सड़क में योजना के तहत नवीन पाइपलाइन बिछाई गई, घरों में नल कनेक्शन दिए गए तथा सार्वजनिक स्थानों पर नल स्टैंड बनाकर नल लगाए गए। पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की सीमेंट-कंक्रीट सड़कों को जगह-जगह खोदा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर खुदाई वाले हिस्सों को केवल मिट्टी से भर दिया गया, लेकिन सड़कों का पूर्ववत सीमेंटीकरण नहीं कराया गया।
नियमानुसार पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और उन्हें पूर्व स्थिति में लाने का प्रावधान कार्य की निविदा शर्तों में शामिल होना चाहिए। इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़कें अधूरी हालत में हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नलों से पानी की सप्लाई शुरू, लेकिन टोंटियां गायब
मामले का दूसरा गंभीर पहलू यह है कि ग्रामीणों के अनुसार नलों से पानी की सप्लाई तो प्रारंभ कर दी गई है, लेकिन कई नल स्टैंड पर टोंटियां नहीं लगाई गई हैं। परिणामस्वरूप पानी उपयोग के बाद भी लगातार बहता रहता है।
जिस योजना का उद्देश्य हर घर तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाना और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, उसी योजना में आवश्यक उपकरणों के अभाव में पानी की बर्बादी होने की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत, नलों में टोंटियां लगाने और अन्य जरूरी कार्य ही पूरे नहीं हुए तो फिर निर्माण कार्य को पूर्ण कैसे मान लिया गया?

इससे भी बड़ा सवाल यह है कि संबंधित विभाग ने अधूरे कार्यों के बावजूद योजना का हैंडओवर किस आधार पर स्वीकार किया और उसका संचालन भी कैसे प्रारंभ कर दिया गया?
हैंडओवर प्रक्रिया और तकनीकी निरीक्षण पर सवाल
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्थानीय से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि किसी भी निर्माण कार्य को हस्तांतरित करने से पहले उसका भौतिक सत्यापन, तकनीकी गुणवत्ता परीक्षण और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
ऐसे में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि मोहगांव सड़क की नलजल योजना का कार्य कब पूर्ण घोषित किया गया? कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र किस अधिकारी ने जारी किया?
हैंडओवर किस तारीख को और किन अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ? क्या हैंडओवर से पहले मौके पर पहुंचकर सड़कों की मरम्मत, नल स्टैंड, टोंटियों और पाइपलाइन की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया था?
इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में ग्राम पंचायत के सचिव केदार सिंह चौधरी, संबंधित सरपंच तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने उठाए योजना की लागत और भुगतान पर सवाल
शिकायतकर्ताओं ने योजना की स्वीकृत राशि, मूल प्राक्कलन और तकनीकी स्वीकृति से लेकर निर्माण कार्य में हुए भुगतान तक की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने सवाल उठाया है कि पाइपलाइन की कुल लंबाई, उसका व्यास, उपयोग की गई सामग्री और गुणवत्ता का वास्तविक परीक्षण कराया गया है या नहीं?
सड़क खुदाई और पुनर्निर्माण के लिए कितना बजट निर्धारित था तथा वास्तविकता में कितनी सड़कों की मरम्मत कराई गई?
इसके साथ ही कितने नल स्टैंड बनाए गए, उनमें कितने नल लगाए गए, कितने परिवारों को वास्तव में नियमित पेयजल कनेक्शन मिला और माप पुस्तिका में किन कार्यों को पूर्ण दर्ज किया गया, इसकी भी जांच की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने अंतिम भुगतान किस आधार पर किया गया और अधूरे कार्यों के बावजूद योजना को पूर्ण मानने की अनुमति किसने दी, इसका जवाब भी मांगा है।
तकनीकी और वित्तीय जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से नलजल योजना की संपूर्ण तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने की मांग की है। इसमें सचिव केदार सिंह चौधरी और संबंधित सरपंच की भूमिका की निष्पक्ष जांच के साथ संबंधित एसडीओ, एई एवं सब इंजीनियर की जवाबदेही तय करने की मांग शामिल है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना में किए गए संपूर्ण भुगतान का भौतिक सत्यापन कराया जाए। पाइपलाइन के लिए खोदी गई सभी सीमेंट-कंक्रीट सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा प्रत्येक नल स्टैंड पर टोंटी सहित आवश्यक उपकरण लगाए जाएं।
प्रत्येक घर तक नियमित पेयजल पहुंचने की वास्तविक स्थिति का भी सत्यापन किया जाए और अधूरे निर्माण कार्य तत्काल पूरे कराए जाएं।
जांच पूरी होने तक भुगतान और अभिलेखों की भी हो समीक्षा
ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक योजना से जुड़े संदिग्ध भुगतानों और अभिलेखों की विशेष समीक्षा की जाए।
इसके अंतर्गत बिल-वाउचर, माप पुस्तिका, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति, कार्यादेश, निरीक्षण प्रतिवेदन, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट और हैंडओवर प्रमाणपत्र की जांच होनी चाहिए।
यदि जांच में यह सामने आता है कि कार्य अधूरा होने के बावजूद पूर्णता प्रमाणपत्र जारी किया गया अथवा वास्तविक निर्माण से अधिक भुगतान किया गया है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकारी राशि का अनुचित भुगतान पाए जाने पर जिम्मेदारों से उसकी वसूली भी की जाए।
फिलहाल मोहगांव सड़क की जल जीवन मिशन योजना में सामने आई इन अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों के बीच असंतोष है। अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इन सवालों को कितनी गंभीरता से लेता है और अधूरे निर्माण के बीच हुए हैंडओवर की वास्तविकता सामने लाने के लिए कब निष्पक्ष जांच शुरू करता है।