नगर निगम ने 21 दुकानों पर ताले, डेढ़ करोड़ बकाया पर कार्रवाई
इमलीखेड़ा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों में हड़कंप, 31 अगस्त तक भुगतान का अल्टीमेटम
Chhindwara 04 August 2025
छिंदवाड़ा यशो:- इमलीखेड़ा स्थित नगर निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लंबे समय से बकाया राशि नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सोमवार सुबह नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 दुकानों पर ताले जड़ दिए।
यह भी पढ़े :- नगर निगम के खिलाफ धरने पर बैठे खुद महापौर और अध्यक्ष
इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार तुरंत निगम के दफ्तर पहुंच गए, जिनमें कुछ ने भुगतान की तैयारी भी शुरू कर दी।
डेढ़ करोड़ का बकाया
नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने बताया कि इन दुकानदारों से निगम को करीब डेढ़ करोड़ रुपये की राशि वसूलनी है। निगम ने पहले भी कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
दुकानदारों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए 31 अगस्त 2025 तक पूरी राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़े :- सिवनी : बकाया न चुकाने पर नगर पालिका ने कर दी 13 दुकानें सील
निरस्तीकरण की चेतावनी
आयुक्त ने साफ चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक भुगतान नहीं करने पर दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए जेल बगीचा और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में भी जल्द ही ऐसी कार्रवाई की जाएगी।
सुबह की सख्त कार्रवाई
सोमवार सुबह निगम की टीम जब मौके पर पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत बिना किसी विवाद के दुकानों को सील किया और बाहर नोटिस चस्पा कर दिया।



