नवरात्रि-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, एडीजी प्रमोद वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
सिवनी कंट्रोल रूम में हुई हाईलेवल बैठक, दुर्गा पंडालों में प्रवेश-निकास, विसर्जन मार्ग, गरबा आयोजन और सोशल मीडिया निगरानी को लेकर दिए सख्त निर्देश
नवरात्रि-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, एडीजी प्रमोद वर्मा ने दिए सख्त निर्देश
Seoni, 06 October 2026
सिवनी यशो:- आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीआईजी छिंदवाड़ा रेंज राकेश कुमार सिंह (भा.पु.से.) एवं पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक भी बैठक में मौजूद रहे।
दुर्गा पंडालों में प्रवेश और निकास व्यवस्था पर जोर
एडीजी प्रमोद वर्मा ने निर्देश दिए कि जिले में लगाए गए सभी दुर्गा पंडाल एवं टेंट मजबूत और सुरक्षित हों। पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकास के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए।
डीजे की आवाज और समय सीमा पर रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान डीजे एवं साउंड सिस्टम निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा के भीतर ही संचालित किए जाएं। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तेज आवाज से आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
पंडालों में आग, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
एडीजी ने सीएमएचओ, सीएमओ एवं एमपीईबी से समन्वय स्थापित कर दुर्गा पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा।
पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग
मूर्ति विसर्जन को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि विसर्जन के लिए केवल निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों का उपयोग किया जाए।
विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
गरबा स्थलों पर आईडी जांच के बाद प्रवेश
गरबा एवं अन्य बड़े आयोजनों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आईडी कार्ड/आधार कार्ड की जांच के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने को कहा गया।
खुले में मांस-मछली बिक्री पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन
त्योहारों के दौरान खुले क्षेत्र में मांस-मछली के विक्रय पर प्रतिबंध संबंधी व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी पुलिस को अलर्ट किया गया। एडीजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिवनी दीपक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा मनकामना प्रसाद सहित जिले के समस्त एसडीओपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक उपस्थित रहे।



