जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता बरतें अधिकारी – संकेत भोंडवे
छिंदवाड़ा दौरे में नगरीय विकास योजनाओं की समीक्षा, CMO की लापरवाही पर जताई नाराजगी
Chhindwara, 08 August 2025
छिंदवाड़ा यशो:- नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव संकेत भोंडवे शुक्रवार को छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने शहर की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने नगर पालिका, नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखें और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) की निष्क्रियता एवं योजनाओं की धीमी प्रगति पर सचिव श्री भोंडवे ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासनिक सक्रियता अत्यावश्यक है।
निर्माण कार्यों में अनियमितता पर जताई चिंता
श्री भोंडवे ने अमृत मिशन, स्मार्ट सिटी, पीएम आवास योजना, स्ट्रीट लाइटिंग और ड्रेनेज सिस्टम सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तलब की।
उन्होंने पाया कि कुछ कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण नहीं हो पाए हैं, जिसके लिए ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश
उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निकायों में जनसुनवाई की व्यवस्था मजबूत की जाए ताकि नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुँचा सकें।
उन्होंने CM Helpline की शिकायतों पर कार्रवाई रिपोर्ट समय पर अपडेट न होने पर भी असंतोष जाहिर किया।
स्थलीय निरीक्षण भी किया
सचिव ने शहर के कुछ प्रमुख इलाकों का दौरा कर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
उन्होंने स्वच्छता, नाली सफाई, सड़क मरम्मत जैसे मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें :- नगर निगम ने 21 दुकानों पर ताले, डेढ़ करोड़ बकाया पर कार्रवाई
अधिकारियों को दी चेतावनी
अंत में सचिव भोंडवे ने स्पष्ट किया कि लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जो अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाह पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर शीलेंद्र सिंह,
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम जैन,
नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय,
संभागीय कार्यपालन यंत्री सुरेश डेहरिया,
कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर
सहायक यंत्री अभिषेक शिवहरे,
सुरेन्द्र गुप्ता सहित सभी 17 नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



