सिवनी में स्वाभिमान पर्व की किसान क्विज के विजेताओं को मिले बड़े पुरस्कार, पुलिस ग्राउंड में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया ध्वजारोहण
Seoni, 01 November 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर सिवनी के पुलिस ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में इस बार किसानों के नाम खास आकर्षण रहा। किसान क्विज प्रतियोगिता में जीतने वाले तीन किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, दूसरे स्थान पर बुलेट और तीसरे स्थान पर ई-स्कूटर मिलने से समारोह में मौजूद किसानों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

1 नवंबर को आयोजित समारोह की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके बाद सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने ध्वजारोहण किया। समारोह में प्रदेश की विकास यात्रा, किसान कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
किसी को ट्रैक्टर तो किसी को मिली बुलेट
स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित किसान क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण माना गया। प्रतियोगिता में विकास पंचेश्वर ने पहला स्थान हासिल किया, जिन्हें ट्रैक्टर प्रदान किया गया। सत्यम राजपूत दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल मिली। वहीं प्रदीप पांडे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जिन्हें ई-स्कूटर देकर सम्मानित किया गया।

कृषि और किसान कल्याण से जुड़े विषयों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरस्कारों ने किसानों की रुचि और उत्साह को बढ़ाया। विजेताओं ने प्रतियोगिता को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे खेती-किसानी, कृषि संबंधी जानकारी और शासन की योजनाओं को समझने का अवसर मिला।
मंच पर दिखी विकसित मध्यप्रदेश की तस्वीर
समारोह में स्कूली छात्राओं और विभिन्न विभागों की प्रस्तुतियों ने प्रदेश के विकास और सामाजिक सरोकारों की तस्वीर पेश की। उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रस्तुति देकर प्रकृति को बचाने का संदेश दिया। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मठ मंदिर की छात्राओं ने गीत-संगीत के माध्यम से विकसित मध्यप्रदेश की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।
जनजातीय कार्य विभाग की प्रस्तुति में 'समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश' की थीम के जरिए किसान और कृषि विकास को प्रदेश की खुशहाली का आधार बताया गया। वहीं सामाजिक न्याय विभाग की नाट्य प्रस्तुति में नशे के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से विद्यार्थियों और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए और सम्मान
कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। स्कूल स्तर पर नवंश डहरवाल, कॉलेज स्तर पर नगमा बी और आईटीआई कुरई के यशपाल को प्रमाण-पत्र, श्रीमद्भगवद्गीता और एक-एक लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डेहरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों ने भी सहभागिता की।