पेंच टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों, सफारी गाइडों, वाहन मालिकों एवं चालकों ने मिलकर की साफ-सफाई
Seoni, 01 November 2026
सिवनी / खवासा यशो:- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को पेंच टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश के अंतर्गत खवासा क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों, सफारी गाइडों, पंजीकृत वाहन मालिकों एवं वाहन चालकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

अभियान के तहत खवासा मार्ग से खवासा चौक तक साफ-सफाई की गई। इस दौरान मार्ग एवं आसपास फैले कचरे को एकत्रित कर उचित तरीके से हटाया गया। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने की अपील की गई।
स्वच्छता अभियान में वन विभाग के डिप्टी रेंजर सतीराम उइके, माखन सिंह डिबरिया, राजीव गुप्ता, जनपद सदस्य रामचरण बेलवंशी, सचिन टांडेकर, गाइड प्रभु दयाल मातरे, रविंद्र डहरवाल, सुरेश जायसवाल, कौशल नेवारे, रीना करसरपे, रजवंती कुमरे, आकाश जायसवाल सहित वाहन चालक राजेश मालवीय एवं अन्य लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर सभी ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही पेंच टाइगर रिजर्व के पर्यटन क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संदेश दिया।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित इस सामूहिक पहल को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता की दिशा में सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।