हेमेन्द्र क्षीरसागर ने महेन्द्र सिंह यादव को सौंपा मांग पत्र, करीब 40 वर्ष पुराना भवन जर्जर होने से समिति के कामकाज में आ रही परेशानी
Balaghat, 01 November 2026
बालाघाट यशो:- जिले के प्रवास पर पहुंचे अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव से भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी एवं जनपद पंचायत के पूर्व सभापति हेमेन्द्र क्षीरसागर ने स्थानीय सर्किट हाउस में सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने बालाघाट विकासखंड के अंतर्गत आने वाली सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरेरा क्रमांक 521 के लिए नवीन भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई और इस संबंध में उन्हें मांग पत्र सौंपा।

हेमेन्द्र क्षीरसागर ने मांग पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि सेवा सहकारी समिति जरेरा का वर्तमान भवन लगभग 40 वर्ष पुराना है और लंबे समय से उपयोग में होने के कारण अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। भवन की खराब स्थिति के चलते समिति के दैनिक कार्यों के संचालन में कर्मचारियों एवं किसानों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधाओं और समिति के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए पुराने जर्जर भवन के स्थान पर नवीन भवन का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। इस पर अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव ने सकारात्मक पहल करते हुए सेवा सहकारी समिति जरेरा के नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति शीघ्र दिलाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कावरे, सांसद भारती पारधी, पूर्व कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य मौसम बिसेन, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, डॉ. टी.डी. वैद्य, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, जनपद अध्यक्ष फूलचंद सहारे, जिला मंत्री सुधीर चौधरी, जिला मीडिया सह प्रभारी जितेंद्र चौधरी, भाजयुमो नगर अध्यक्ष जैनेन्द्र कटरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।