प्रत्येक सप्ताह शनिवार और मंगलवार को हो रहा सुंदरकांड पाठ
Seoni 21 April 2025
सिवनी यशो:- जिला मुख्यालय के जिला अस्पताल के मुख्य गेट के बाजू जबलपुर रोड सिवनी में स्थित रुद्रावतार हनुमान मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है।इस मन्दिर में प्रति सप्ताह में शनिवार और मंगलवार को संध्याकालीन होने वाले सुंदरकांड में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। मंदिर के मुख्य पुजारी अर्जुन पंडा ने बताया कि शनिवार को सर्वप्रथम हनुमान जी महाराज का प्रात: 7 बजे से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दूध,दही,शहद, घी,गंगाजल एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। तत्पश्चात हनुमान जी महाराज का विशेष चोला श्रृंगार किया गया,जो कि आकर्षण का केंद्र रहेगा। वही चोला श्रृंगार के बाद श्री राम स्तुति,हनुमान चालीसा का पाठ एवं आरती की गई। उसके बाद शाम 6 बजे से मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया गया। सुंदरकांड पाठ के बाद श्रीराम स्तुति,हनुमान चालीसा और हनुमान जी महाराज की महाआरती की गई। महाआरती के बाद रामभोज का वितरण किया गया।
जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओ ने रामभोज प्रसाद ग्रहण किया। पुजारी अर्जुन पंडा ने बताया कि हनुमान जी महाराज के दर्शन मात्र से ही भक्तों की सभी मनोकामना पूरी होती है। वही मनोकामना पूर्ण होने वाले श्रद्धालुओ द्वारा प्रति सप्ताह शनिवार और मंगलवार को चोला श्रृंगार एवं रामभोज के लिये मंदिर समिति में सहयोग राशि दी जाती है,जिससे हनुमान जी महाराज का चोला श्रृंगार और रामभोज प्रसाद का वितरण किया जाता है। गौरतलब है,कि वर्षों से नित्य प्रति सप्ताह शनिवार और मंगलवार को शाम 6 बजे से सुंदर कांड का पाठ एवं रामभोज प्रसाद का वितरण किया जा रहा है,जो क्रम निरंतर जारी है।


