सिवनी में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने किया गणेश प्रतिमा विसर्जन
सिवनी यशो :- अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार, 25 सितंबर को सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा का लखनवाड़ा स्थित पवित्र मां वैनगंगा नदी के घाट पर विधि-विधान से विसर्जन किया। इस दौरान घाट पर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मां वैनगंगा नदी के तट पर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर आरती की। उन्होंने भगवान गणेश से क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। इसके उपरांत उन्होंने श्रद्धापूर्वक भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन किया तथा अगले वर्ष पुनः मंगल आगमन की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विसर्जन स्थल पर विधायक ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रशासन तथा स्थानीय समितियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने घाट पर मौजूद अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा वैनगंगा घाट
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान लखनवाड़ा स्थित मां वैनगंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणेश भक्त, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश को विदाई दी। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल नजर आया।
‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की।



