पात्र सहकारी समितियों, महिला स्वसहायता समूहों एवं संयुक्त वन प्रबंधन समितियों से आवेदन आमंत्रित, ऑफलाइन आवेदन नहीं होंगे स्वीकार
Seoni, 23 November 2026
सिवनी यशो:- जिले के अनुभाग सिवनी अंतर्गत ग्राम पंचायत डुंगरिया में नवीन उचित मूल्य दुकान खोले जाने के लिए पात्र संस्थाओं, समितियों एवं समूहों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 के प्रावधानों के तहत दुकान आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इच्छुक संस्थाएं एवं समूह 29 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व), अनुभाग सिवनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उचित मूल्य दुकान आवंटन के लिए मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 की कंडिका 8 (1) के साथ पठित अनुसूची-दो एवं 11 अप्रैल 2016 को किए गए संशोधन के प्रावधानों के तहत निर्धारित संस्थाएं एवं समूह आवेदन के लिए पात्र होंगे।
ये संस्थाएं कर सकती हैं आवेदन
आवेदन करने के लिए पात्र संस्थाओं में मध्यप्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम, 1960 की धारा 10 की उपधारा (1) के अंतर्गत वर्गीकृत उपभोक्ता सोसायटी, विपणन सोसायटी, उत्पादक सोसायटी, संसाधन सोसायटी, बहुप्रयोजन सोसायटी, महिला स्वसहायता समूह तथा संयुक्त वन प्रबंधन समितियां शामिल हैं।
13 से 29 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक एवं पात्र संस्थाएं विभागीय पोर्टल http://csmsmpscsc.mp.gov.in/mrationmitra के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया 13 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा इसकी अंतिम तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा ऑफलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदन भी स्वीकार नहीं होंगे। अतः इच्छुक पात्र संस्थाओं एवं समूहों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।