1 दिसंबर से जिले के 89 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदी, सीएम हेल्पलाइन की 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण के निर्देश
Seoni, 23 November 2026
सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं और जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में देरी से पहुंचने पर मंडी सचिव एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग पर 500-500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। दोनों अधिकारियों को जुर्माने की राशि रेडक्रॉस सोसायटी में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
23 नवंबर को आयोजित बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जिले में संचालित अभियानों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने तथा योजनाओं की मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
89 धान उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
जिले में आगामी 1 दिसंबर से धान उपार्जन प्रारंभ होना है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने प्रस्तावित 89 उपार्जन केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी केंद्रों का निरीक्षण कर बारदाना सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत बिना उचित कारण के लंबित नहीं रहनी चाहिए। शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण नहीं, बल्कि नियमानुसार संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं के आवेदनों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा से बाहर हुए आवेदनों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
कुरई और लखनादौन में जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने को कहा
जल जीवन मिशन की समीक्षा में एकल नल-जल एवं समूह नल-जल योजनाओं की विकासखंडवार प्रगति का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने विशेष रूप से कुरई और लखनादौन विकासखंड में कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने पर जोर दिया।
खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण पर रहेगी निगरानी
कलेक्टर ने जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। आगामी समय की संभावित मांग को देखते हुए खाद का पूर्व भंडारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को जरूरत के समय परेशानी न हो।
उन्होंने ई-विकास प्रणाली के माध्यम से खाद का सुगम एवं व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा। खाद वितरण में लापरवाही बरतने वाली समितियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
नरवाई जलाने पर रोक के लिए किसानों और हार्वेस्टर संचालकों की बैठकें होंगी
नरवाई प्रबंधन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने फसल अवशेष जलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में किसान प्रतिनिधियों एवं हार्वेस्टर संचालकों की बैठक आयोजित कर नरवाई प्रबंधन के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं उन्नत तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने तथा कम पानी में उत्पादित होने वाली फसलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि जल संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
स्वामित्व योजना और जनविश्वास अभियान की समीक्षा
स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन, पूर्ण रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर पात्र हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निराकरण और आगामी शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शिविरों में विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने, पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करने और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। धरती आबा अभियान एवं उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आवास सहित अन्य कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश जनपद पंचायतों के सीईओ को दिए गए।
बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को प्राचार्यों की बैठक लेकर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विषयवार विद्यार्थियों के प्रदर्शन का आकलन कर कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने और कठिन विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित करने को कहा।
छात्रावासों एवं स्कूलों के निरीक्षण प्रतिवेदनों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों में टेक होम राशन, गर्म पका हुआ भोजन एवं पेयजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एएनसी पंजीयन, एनीमिक एवं हाई रिस्क श्रेणी की गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
टीबी स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड, जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी और डीबीटी की प्रगति की समीक्षा की गई। पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) का पूरी क्षमता से संचालन करने तथा पात्र बच्चों को समय पर उपचार एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सुकन्या समृद्धि सहित स्वरोजगार योजनाओं पर जोर
कलेक्टर ने सुकन्या समृद्धि योजना का अधिकाधिक पात्र बालिकाओं तक लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। मैदानी अमले को बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को योजना की जानकारी देने को कहा गया। संबल योजना के पंजीयन और अनुग्रह सहायता के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
वहीं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, टंट्या मामा स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना तथा मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक उद्यम योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी तय
जल संसाधन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नहरों की नियमित जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिले और नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए अंतिम छोर तक पानी पहुंचने का रिकॉर्ड भी संधारित किया जाए।
बैठक में नशामुक्ति अभियान, सीएम मॉनिट के प्रकरणों, वेक्टर जनित रोगों एवं मौसमी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की गई। संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमित फायर मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।