सांसद-विद्यार्थी संवाद में युवाओं से किया आत्मीय संवाद, करियर, कौशल विकास और समय प्रबंधन पर दिए महत्वपूर्ण सुझाव
सिवनी यशो :-भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सिवनी में आयोजित सांसद-विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र की सांसद भारती पारधी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनके विचार जाने। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी खुलकर अपने विचार साझा किए और विभिन्न विषयों पर सांसद के समक्ष अपनी बात रखी।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद भारती पारधी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय प्रगति का आधार स्तंभ है। संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का मार्गदर्शक भी है। उन्होंने युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करने का आह्वान किया।

सांसद ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य के कर्णधार होते हैं। विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। इसके लिए शिक्षा के साथ कौशल विकास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय का सदुपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
विद्यार्थियों ने भी साझा किए अपने विचार
संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। विद्यार्थियों के प्रतिनिधि के रूप में एनसीसी की छात्रा युक्ति कटरे और दिशा जायसवाल ने अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र सोनू धुर्वे, उपदेश डेहरिया एवं छात्रा रवीना मसराम ने भी सांसद के समक्ष अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने सांसद भारती पारधी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा के कुलगुरु डॉ. इंद्रप्रसाद त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय, प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग, डॉ. मानसिंह बघेल, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. पवन वासनिक, डॉ. सत्येन्द्र कुमार शेन्डे सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा करने का अवसर प्रदान किया।