लंबित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, मानदेय, पदोन्नति और खाद्यान्न कमीशन सहित सात प्रमुख मुद्दों के निराकरण की उठाई मांग
सिवनी यशो :- मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक), भोपाल के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव के आगमन पर मध्यप्रदेश सहकारी समिति कर्मचारियों द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस दौरान सहकारी समिति कर्मचारियों एवं महासंघ के पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं से उनका स्वागत करते हुए सम्मान व्यक्त किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से प्रशासक के समक्ष रखा। इस संबंध में महासंघ की ओर से उन्हें ज्ञापन सौंपकर सात प्रमुख मांगों के शीघ्र निराकरण का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में कर्मचारियों के मानदेय से संबंधित समस्याओं का समाधान, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, खाद्यान्न कमीशन का भुगतान, विक्रेताओं की लंबित राशि का भुगतान तथा सिवनी जिले में नवगठित 30 सहकारी समितियों के पुनर्गठन सहित अन्य लंबित मांगों को शामिल किया गया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रशासक श्री यादव से आग्रह किया कि सहकारी समिति कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासक के सकारात्मक सहयोग एवं मार्गदर्शन से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और प्रदेश की सहकारी व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर महासंघ के जिलाध्यक्ष वंशीलाल ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामकुमार बघेल, जोगेश ठाकुर, गणेश सिंगौर, प्रदीप कुमार शर्मा, सुनील कुमार सनोडिया, अनामिका निकोसे, रामेश्वर सनोडिया, सावन इनवाती, सुशील सराठे, राजेन्द्र बघेल, चिराग ठाकुर, प्रमोद सनोडिया, पंकज श्रीवास सहित बड़ी संख्या में सहकारी समिति कर्मचारी उपस्थित रहे।