समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक उत्थान के प्रयासों की सराहना की
सिवनी यशो :- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने रविवार, 1 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के झांसी में भारतीय कलचुरी जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा द्वारा आयोजित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कलचुरी भवन भूमिपूजन एवं समाज को समर्पण समारोह, शपथ ग्रहण समारोह तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में विधायक दिनेश राय मुनमुन का साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया। गत दिवस संध्या को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल सहित नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को नवीन दायित्वों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक श्री राय ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक उत्थान के लिए महासभा द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रियता समाज को संगठित करने और रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महासभा की निरंतर प्रगति एवं सभी पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके पश्चात विधायक श्री राय झांसी में सहारा सिटी, ग्वालियर-कानपुर बाईपास रोड स्थित भूमि पर आयोजित कलचुरी भवन भूमिपूजन एवं समाज को समर्पण समारोह में शामिल हुए। यह भूमि श्री वीरेंद्र कुमार राय एवं उनके परिवार द्वारा भवन निर्माण के लिए दान की गई है।

भारतीय कलचुरी सर्ववर्गीय महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय बताते हुए श्री वीरेंद्र कुमार राय और समस्त राय परिवार को भूमि दान के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित कलचुरी भवन समाज की एकता, संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक उत्थान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं एवं मातृशक्ति की गरिमामय उपस्थिति रही।