अष्टमी पर देर रात तक गूंजे ढोल-नगाड़े, यदुवंशी लोकसंस्कृति के रंग में रंगा गोठान मठ परिसर; जिले की छह चुनिंदा टीमों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
Seoni, 18 November 2026
सिवनी/ छींदा/केवलारी यशो:- दीपोत्सव की उल्लासमयी बेला में सिवनी जिले के केवलारी तहसील अंतर्गत ग्राम छींदा में यदुवंशी लोकसंस्कृति और पारंपरिक अहिरी नृत्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री राधाकृष्ण मंदिर स्थित गोठान मठ परिसर में 16 नवंबर, अष्टमी के पावन अवसर पर विशाल इनामी अहिरी मढ़ई नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा और अहिरी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध रखा। प्रतियोगिता में खापा-बंदेली के श्रीकृष्ण ग्वाल मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया।नक्शे देखें

श्रीकृष्ण ग्वाल मंडल खापा-बंदेली प्रथम, गुबरिया को द्वितीय पुरस्कार
प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। खापा-बंदेली के श्रीकृष्ण ग्वाल मंडल को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि राधाकृष्ण मंडल गुबरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर जय मां शारदा मंडल सुनवारा और राधाकृष्ण मंडल खैरी कला को पुरस्कृत किया गया। वहीं ग्राम पाथरटोला की ग्वाल-बालों की टीम ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीतते हुए सांत्वना पुरस्कार हासिल किया।
छह टीमों ने प्रस्तुत की यदुवंशी संस्कृति की अनुपम झलक
ग्राम छींदा में प्रतिवर्ष दीपोत्सव के अवसर पर अष्टमी के दिन यादव समाज और ग्रामवासियों के सहयोग से अहिरी मढ़ई नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस वर्ष जिले की छह चुनिंदा अहिरी नृत्य टीमों ने इसमें सहभागिता की। सभी टीमों ने यदुवंशी समाज की परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
संध्या से प्रारंभ हुआ अहिरी नृत्य का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। पारंपरिक लोकधुनों और नृत्य की आकर्षक शैली ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सभी टीमों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।

अतिथियों और ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा छींदा मंडल अध्यक्ष सचिन राजपूत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गहन सिंह भलावी, निरंजन झारिया, सरपंच सिया बाई रामप्रसाद उइके, पुलिस चौकी छींदा प्रभारी संजीव मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजा बाबू शर्मा, उपसरपंच राजकुमार उर्फ बम्मू यादव, रामगोपाल झारिया, नंदकिशोर झारिया एवं सुखराम राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आमंत्रित अतिथियों में जनपद सदस्य मुकेश सिंह राजपूत, प्रदीप राय, रमाकांत राय, श्याम बाबू झारिया, संजू बाबा झारिया, प्रियांशु झारिया, प्रेम मिश्रा, अजित राय, अखिलेश राय, प्रियांशु राय और सूरज इनवाती सहित आसपास के गांवों के गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना
आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष सुख-चैन यादव, अशोक यादव, नन्हे लाल यादव, सचिन यादव और सुमत यादव सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन श्रीकांत राय ने किया।
छींदा की इस अहिरी मढ़ई ने एक बार फिर साबित किया कि लोकसंस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने का सशक्त आधार है।
समाचार प्रदीप राय चित्रांकन सूरज इनवाती