नगर परिषद ने जारी की सूचना, लगातार तीन बार नियम तोड़ने पर लगेगा 2000 रुपये का जुर्माना
Seoni, 18 November 2026
सिवनी यशो:- नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुकानों से निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद ने दुकानदारों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत नगरीय क्षेत्र के सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के सामने दो डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। इनमें एक डस्टबिन गीले कचरे और दूसरा सूखे कचरे के लिए रखना होगा।
नगर परिषद ने दुकानदारों से अपील की है कि वे दुकानों से निकलने वाला कचरा सड़कों, नालियों एवं खाली स्थानों पर न फेंकें, बल्कि कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें। दुकानदारों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनकी दुकानों के सामने किसी प्रकार की गंदगी अथवा कचरे का ढेर जमा न हो।
नियमों का उल्लंघन करने पर लगेगा स्पॉट फाइन
नगर परिषद द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों के सामने दो डस्टबिन नहीं पाए जाएंगे अथवा सड़क, नाली और दुकानों के सामने कचरा फैला हुआ मिलेगा, उनके विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 07, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 के निर्णय के अनुसार स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर गंदगी फैलाने पर संबंधित दुकानदार से प्रतिदिन 1000 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला जाएगा। वहीं, लगातार तीन बार जुर्माना होने की स्थिति में संबंधित दुकानदार पर दोगुना यानी 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर परिषद ने सभी दुकानदारों से स्वच्छता नियमों का पालन करने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।