बरघाट और सिवनी विधानसभा क्षेत्र में 13.46 किलोमीटर लंबाई के सड़क निर्माण कार्यों की रखेंगे आधारशिला, जिला भाजपा ने नागरिकों से की कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
Seoni, 28 November 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह रविवार, 29 नवम्बर को सिवनी जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे बरघाट और सिवनी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में कुल छह सड़क मार्गों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बरघाट विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम दोपहर 2 बजे ग्राम रजौला (मुंड़ारा) में आयोजित होगा। यहां मोहगांव-बड़झिर छीतापार मार्ग (लंबाई 1.76 किलोमीटर) तथा पिंडरई-जावरकौटी मार्ग (लंबाई 3 किलोमीटर) का भूमिपूजन किया जाएगा।
इसी क्रम में सिवनी विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम शाम 4 बजे ग्राम पांड़ीवाड़ा (छपारा) में होगा। यहां भाटीवांड़ा-खेरी-किशनपुर मार्ग (2.50 किलोमीटर), हिनोतिया से पायली मार्ग (2 किलोमीटर), लामटा-बकोड़ी मार्ग (1.60 किलोमीटर) तथा भटमतरा से पांड़ीवाड़ा मार्ग (2.60 किलोमीटर) का भूमिपूजन किया जाएगा।
इन सड़क निर्माण कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिला भाजपा ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।