पलारी मंडी के निरीक्षण दल की कार्रवाई, पांच गुना मंडी शुल्क सहित 95,557 रुपये की वसूली; अवैध परिवहन करने वालों को चेतावनी
सिवनी यशो :- कृषि उपज मंडी समिति पलारी के निरीक्षण दल ने बिना वैध मंडी अनुज्ञा पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के मक्का का परिवहन करते एक वाहन को पकड़कर कार्रवाई की है। 25 नवंबर की रात करीब 9 बजे हुई इस कार्रवाई में वाहन क्रमांक CG04NM9695 से 350.45 क्विंटल मक्का का परिवहन किया जा रहा था। मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित पक्ष से कुल 95 हजार 557 रुपये की वसूली की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडी समिति पलारी के निरीक्षण दल ने मंडी क्षेत्र में जांच के दौरान उक्त वाहन को रोककर दस्तावेजों की पड़ताल की। इस दौरान वाहन चालक कृषि उपज के परिवहन से संबंधित वैध मंडी अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन में परिवहन की जा रही मक्का के संबंध में प्रकरण तैयार किया गया।
पांच गुना मंडी शुल्क सहित वसूले 95,557 रुपये
मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 की धारा 23(1) एवं धारा 19(4) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में 79,903 रुपये, निराश्रित शुल्क के रूप में 10,654 रुपये तथा समझौता शुल्क के रूप में 5,000 रुपये वसूले गए। इस प्रकार कुल 95,557 रुपये की राशि जमा कराई गई।
बताया गया कि यह कार्रवाई अपर कलेक्टर सह संयुक्त संचालक, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड जबलपुर के निर्देश तथा कृषि उपज मंडी समिति पलारी के सचिव के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान निरीक्षण दल प्रभारी एवं मंडी निरीक्षक निजाम बघेल, दल के सदस्य संदीप नाग तथा उपनिरीक्षक गौरव सैयाम उपस्थित रहे।
मंडी नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी
मंडी समिति पलारी ने कृषकों, व्यापारियों एवं परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि कृषि उपज का क्रय-विक्रय और परिवहन करते समय मंडी अधिनियम, नियमों एवं उपविधियों का पालन करें। आवश्यक मंडी शुल्क जमा करने के साथ वैध अनुज्ञा पत्र लेकर ही कृषि उपज का परिवहन करें।
समिति ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुज्ञा पत्र एवं मंडी शुल्क संबंधी नियमों का उल्लंघन कर कृषि उपज का परिवहन करने वालों के विरुद्ध जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।