सेवा संकल्प यात्रा ने सिवनी में दिया सेवा, संवाद और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद व पौधरोपण से शुरुआत, बंडोल में आंगनवाड़ी बच्चों से मिले यात्री; सादक सिवनी से छपारा तक लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, सीताफल उत्पादकों, विद्यार्थियों एवं आदिवासी छात्राओं से संवाद
सेवा संकल्प यात्रा: मेडिकल कॉलेज से लखनादौन तक सेवा और संवाद
फोटो हरिओम सोनी
Seoni, 28 September 2026
सिवनी यशो :- बड़नगर से बनारस तक निकली सेवा संकल्प अभियान यात्रा ने 28 सितंबर को सिवनी जिले में सेवा, संवाद, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। यात्रा की शुरुआत मेडिकल कॉलेज से हुई, जहां विद्यार्थियों से संवाद एवं पौधरोपण किया गया। इसके बाद बंडोल में आंगनवाड़ी बच्चों से आत्मीय संवाद, सादक सिवनी में स्वागत और छपारा मंडल में विभिन्न सेवा एवं संवाद कार्यक्रमों के बाद यात्रा गणेशगंज होते हुए लखनादौन पहुंची।

मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद और पौधरोपण
यात्रा के प्रारंभ में मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ोदरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रभु भाई वसावा ने मेडिकल विद्यार्थियों से बेहतर शिक्षा एवं चिकित्सा ज्ञान प्राप्त कर देश के विभिन्न हिस्सों में सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में अध्ययनरत युवा अपनी प्रतिभा और ज्ञान के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज और युवाओं को सेवा, जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान एवं क्षमता का उपयोग समाजहित में करने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य समाज में सकारात्मक सहभागिता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, मेडिकल कॉलेज के डीन, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश बघेल, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक गजानंद पंचेश्वर, यात्रा प्रभारी नवनीत सिंह ठाकुर, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

बंडोल में आंगनवाड़ी बच्चों से आत्मीय संवाद
मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम के बाद यात्रा बंडोल पहुंची। यहां आंगनवाड़ी केंद्र का भ्रमण कर बच्चों से संवाद किया गया। बच्चों को स्नेह परिधान वितरित किए गए। आंगनवाड़ी परिसर को आकर्षक बनाने के साथ पौधरोपण के लिए गड्ढे भी तैयार किए गए। बच्चों के साथ यात्रा दल का आत्मीय संवाद कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
इसके बाद यात्रा गोरखपुर और सादक सिवनी की ओर बढ़ी, जहां स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और आत्मीय स्वागत के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया।

सादक सिवनी में स्वागत, राजघराना पैलेस में लखपति दीदी और ड्रोन दीदी से संवाद
छपारा मंडल में यात्रा के प्रवेश पर ग्राम सादक सिवनी में भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा राजघराना पैलेस पहुंची, जहां लखपति दीदी, ड्रोन दीदी तथा जंबो सीताफल से जुड़े लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवाद के दौरान महिला सशक्तिकरण, आधुनिक कृषि तकनीक, ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा स्थानीय स्तर पर आय और रोजगार के अवसरों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। जंबो सीताफल की स्थानीय पहचान और उससे जुड़े किसानों एवं उत्पादकों के अनुभव भी साझा किए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को फल वितरण
इसके बाद यात्रा छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां मरीजों को फल वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र में सेवा गतिविधि के माध्यम से जरूरतमंदों के बीच सेवा भावना का संदेश दिया गया।
सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद
यात्रा दल ने इसके बाद सांदीपनि विद्यालय का भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार से संवाद किया गया। शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर विचार साझा किए गए।
इसके बाद यात्रा शबरी कन्या आश्रम पहुंची, जहां आदिवासी छात्राओं से संवाद किया गया। छात्राओं की शिक्षा, भविष्य और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

बंजारी माता मंदिर में दर्शन-पूजन, गणेशगंज होते हुए लखनादौन रवाना
छपारा मंडल के कार्यक्रमों के अंतिम चरण में यात्रा बंजारी माता मंदिर पहुंची। यहां विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा गणेशगंज होते हुए लखनादौन की ओर रवाना हुई।
यात्रा के मार्ग में विभिन्न ग्रामों और चौक-चौराहों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सहभागिता से यात्रा का वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।
लखनादौन में पौधों का वृक्षारोपण
लखनादौन पहुंचने पर मढ़ई टोल प्लाजा के पास हाईटेक प्लांटेशन क्षेत्र में पौधों का वृक्षारोपण किया गया। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया गया। यात्रा के लिए लखनादौन में भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
भाजपा संगठन के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान यात्रा के स्वागत एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन के मार्गदर्शन में किया गया। भाजपा जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक गजानंद पंचेश्वर के मार्गदर्शन में यात्रा प्रभारी नवनीत सिंह ठाकुर तथा जिला एवं मंडल स्तरीय टीमों ने व्यवस्थाएं संभालीं।
छपारा मंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष ठाकुर अर्जुन सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती निशा सुरेश पटेल, उपाध्यक्ष शिवकांत सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष शाहिद खान, युवा मोर्चा कार्यकर्ता, मंडल मीडिया प्रभारी रफीक खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
मेडिकल कॉलेज से लेकर बंडोल, सादक सिवनी, छपारा और लखनादौन तक आयोजित कार्यक्रमों ने सेवा, संवाद, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय लोगों की सहभागिता और आत्मीय स्वागत ने अभियान को व्यापक जनसंपर्क का स्वरूप प्रदान किया।
यह भी पढ़े:-
वोट चोरी’ का आरोप है तो प्रमाण दीजिए, सिर्फ राजनीतिक शोर नहीं : मीना बिसेन
सेवा संकल्प अभियान: बड़नगर से बनारस बाइक यात्रा का छपारा में होगा भव्य स्वागत
फसल क्षति और किसानों की राहत को लेकर कलेक्टर से मिले प्रदीप राय



