तेज रफ्तार डंपर घर में घुसा, दो की मौत, चालक फरार
सर्राहीर्री गांव में दर्दनाक हादसा, दो गंभीर घायलों को नागपुर रेफर
सर्राहीर्री डंपर हादसा – चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने डंपर जब्त कर शुरू की जांच
Seoni 13 June 2026
सिवनी /सर्राहीर्री यशो:- कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बादलपार चौकी के ग्राम सर्राहीर्री में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर घर के बाहर बैठे ग्रामीणों पर चढ़ गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग 7:45 बजे डंपर क्रमांक MP 50 H 0833 सर्राहीर्री से पिपरवानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर सीधे रवि वर्मा के घर की ओर जा घुसा। घर के बाहर बैठे चार ग्रामीण डंपर की चपेट में आ गए।
यह भी पढ़े :-पेंच नदी से रोज निकल रहे 2 हजार ट्रैक्टर रेत, अवैध उत्खनन में 17 हजार रुपए महीना वसूली के आरोप
हादसे में सुखमाल भलावी (45 वर्ष) पिता गणपत भलावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रंजीत सरयाम पिता गोपसिंह सरयाम ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं संदीप पिता बलवान मर्सकोले (उम्र लगभग 36 वर्ष) तथा चन्द्रभान पिता हरिओम वर्मा (उम्र लगभग 36 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस और बादलपार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कुरई थाना में पदस्थ एसआई शैलेंद्र डोंगरे ने बताया कि घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़े :- सुनारी मोहल्ला में फायरिंग से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने डंपर को जब्त कर बादलपार चौकी में खड़ा करा दिया है। मृतकों के शवों का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी देने से बचते रहे चौकी प्रभारी
घटना के संबंध में बादलपार चौकी प्रभारी इंजन सिंह मर्सकोले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसे लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं।
गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद सर्राहीर्री गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई और गांव में भारी वाहनों की गति नियंत्रण की मांग की है।



