खापा खोड़ गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, टक्कर मारकर चालक फरार; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Seoni, 22 November 2026
सिवनी यशो:- जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान रविन्द्र सिंह पन्द्रे की मौत हो गई। वे छुट्टी पर अपने गृह ग्राम हिनोतिया आए हुए थे। बाइक से जाते समय खापा खोड़ गांव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय रविन्द्र सिंह पन्द्रे पंजाब में बीएसएफ में पदस्थ थे। शनिवार देर रात वे किसी काम से बाइक पर निकले थे। इसी दौरान खापा खोड़ गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल जवान को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर आदेगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।