धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

प्राचीन सूर्य मंदिर में 12 से 13 जून तक पंचम पाटोत्सव, होंगे मांगलिक अनुष्ठान एवं विशाल भंडारा

टैगोर वार्ड स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में जुटेंगे श्रद्धालु, भजन संध्या का भी होगा आयोजन

प्राचीन सूर्य मंदिर सिवनी में 12-13 जून को पंचम पाटोत्सव

Seoni, 10 June 2026
सिवनी यशो:- श्री सिद्ध शनिधाम ट्रस्ट पलारी सीलादेही के तत्वावधान में टैगोर वार्ड स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में पंचम पाटोत्सव पर्व के अवसर पर 12 एवं 13 जून 2026 को दो दिवसीय धार्मिक आयोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।

कलचुरी युगीन मंदिर बना आस्था का प्रमुख केंद्र

जिला मुख्यालय के टैगोर वार्ड स्थित यह प्राचीन सूर्य मंदिर कलचुरी युग में निर्मित माना जाता है। मंदिर का जीर्णोद्धार श्री सिद्ध शनिधाम ट्रस्ट पलारी टेकरी एवं समाजसेवियों के सहयोग से कराया गया, जिसके बाद यहां भगवान सूर्य देव की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। वर्तमान में यह मंदिर सनातन धर्मावलंबियों के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बन चुका है।

सूर्योदय की पहली किरण सीधे गर्भगृह में पहुंचती है

मंदिर की विशेषता यह है कि सूर्योदय होते ही सूर्य की पहली किरण सीधे मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान सूर्य देव पर पड़ती है। मंदिर परिसर में 16 खंभों पर निर्मित यज्ञशाला श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

सिवनी के प्राचीन सूर्य मंदिर का प्रवेश द्वार एवं मंदिर परिसर
प्राचीन सूर्य मंदिर परिसर का मुख्य प्रवेश द्वार एवं श्रद्धालुओं के लिए विकसित सुविधाएं।

12 जून को होंगे गणेश-गौरी पूजन एवं ध्वजारोहण

आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी अनुसार 12 जून को सूर्योदय से गणेश-गौरी पूजन, सूर्य अभिषेक एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होंगे। समस्त धार्मिक अनुष्ठान प्रकांड पंडितों की उपस्थिति में संपन्न कराए जाएंगे।

13 जून को हवन, सूर्यार्चन एवं आदित्य हृदय स्त्रोत पाठ

13 जून को सूर्योदय से सूर्य अभिषेक एवं हवन होगा। इसके पश्चात सूर्यार्चन, सूर्यार्थ्य, सूर्य कवच एवं आदित्य हृदय स्त्रोत पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं से इन मांगलिक अनुष्ठानों में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।

शाम को विशाल भंडारा एवं भजन संध्या

पाटोत्सव के अंतिम दिन 13 जून को विशाल भंडारे एवं भजन संध्या का आयोजन रखा गया है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

पंडित नीरज तिवारी के सान्निध्य में होंगे धार्मिक अनुष्ठान

समस्त धार्मिक कार्यक्रम पंडित नीरज तिवारी एवं प्रधान पुजारी अंशु तिवारी तथा अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से समय का विशेष ध्यान रखते हुए सूर्य देव को जल अर्पित करने का आग्रह किया है, जिससे पितृ दोषों का निवारण एवं सुख-शांति की प्राप्ति हो सके।

मंदिर परिसर में धार्मिक पौधों का विशेष महत्व

समिति के संतोष अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर में हिंदू धर्म की मान्यता अनुसार बेलपत्र, पीपल, रुद्राक्ष, आंवला, समी एवं सिंदूर जैसे धार्मिक महत्व वाले पौधों का रोपण किया गया था, जो अब बड़े वृक्ष बन चुके हैं। इसके अलावा परिसर में फलदार पौधे, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले एवं सूर्य देव को अर्घ्य देने हेतु विशेष अर्घ्य कुंड भी बनाया गया है।

कार्यक्रम में सांसद विधायक सहित जनप्रतिनिधि एवं धर्म प्रेमी उपस्थित रहेंगे 

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

प्राचीन सूर्य मंदिर महिला समिति एवं प्राचीन सूर्य मंदिर दुर्गा उत्सव समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सहपरिवार पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

https://www.youtube.com/watch?v=nzb1BWY4wl8

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button