Uncategorized

छिंदवाड़ा में ATM डकैती की साजिश नाकाम, 2 आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

पहले भी कई चोरी की वारदातों में शामिल रहा गिरोह, हथियार बरामद; दो आरोपी फरार

छिंदवाड़ा ATM लूट की साजिश नाकाम, पुलिस ने वारदात से पहले 2 बदमाश और एक नाबालिग को दबोचा

Chhindwara 30 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- शहर में एक बड़ी एटीएम लूट की वारदात होने से पहले ही देहात थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी साजिश विफल कर दी। खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे बदमाशों की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दो आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि दो अन्य आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

छिंदवाड़ा में ATM लूट की साजिश नाकाम, देहात थाना पुलिस ने दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया।
ATM लूट की साजिश का खुलासा करते हुए गिरफ्तार आरोपी और पुलिस द्वारा बरामद हथियार।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश खजरी शराब भट्टी के समीप स्थित एटीएम में डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।

दो आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज उर्फ टूटू उईके (18) निवासी ढीमराढाना तथा राहुल टेकाम (19) निवासी ढीमराढाना के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

वहीं परस उर्फ परसराम सूर्यवंशी निवासी अमन कॉलोनी, कुकड़ाजगत तथा कटर उर्फ अभिषेक यादव निवासी गुलाबरा मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

ATM तोड़ने की थी पूरी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम मशीन को तोड़कर उसमें रखी नकदी लूटने की योजना बनाकर मौके पर एकत्र हुए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड बरामद की है, जिनका इस्तेमाल एटीएम मशीन तोड़ने में किया जाना था।

समय रहते टली बड़ी वारदात

पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी एटीएम में रखी नकदी लूटने की वारदात को अंजाम दे सकते थे। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत एवं उनकी टीम ने की।

यह भी पढ़े :-

सिवनी की 8 ट्रांसमिशन लाइनों का अनोखा रिकॉर्ड

इग्नू जुलाई-2026 में नए प्रवेश एवं पुनर्पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई

आरक्षण: सामाजिक न्याय की व्यवस्था या नई सामाजिक चुनौती?

हरियाली महोत्सव के रूप में श्रद्धा एवं उत्साह से मनाई गई गुरु पूर्णिमा, सेवा-साधना और वृक्षारोपण का दिया संदेश 

https://youtu.be/WHKgiJcZjto?si=D-xAo82taPwB24uE

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button