गुलाब और पेन देकर किया सम्मान, हेलमेट पहनने वालों को टीआरएसएफ ने बनाया ‘रोड सेफ्टी एंबेसडर’
यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का किया अभिनंदन, सुरक्षित सफर का दिया संदेश
छिंदवाड़ा सड़क सुरक्षा अभियान : हेलमेट पहनने वालों का गुलाब और पेन देकर सम्मान, टीआरएसएफ ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
Chhindwara 06 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए टी.आर.एस.एफ. (ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन) और पुलिस यातायात विभाग ने अनूठी पहल की। इंदिरा तिराहा (जेल गेट के सामने) आयोजित कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने वाले जागरूक वाहन चालकों का गुलाब का फूल और पेन भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना था।
जागरूक नागरिकों का बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को रोककर उनका अभिनंदन किया गया। सम्मान पाकर वाहन चालकों ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
टीआरएसएफ के सचिव डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दंड के भय से नहीं, बल्कि सम्मान और प्रेरणा के माध्यम से लोगों में सुरक्षित वाहन संचालन की संस्कृति विकसित करना है। इसलिए प्रत्येक जागरूक वाहन चालक को गुलाब का पुष्प और एक पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।
नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा
यातायात प्रभारी लोहित शेंडे ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के प्रति नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान कार्यक्रम लोगों को प्रेरित करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित वाहन संचालन को अपनी आदत बनाएं।
यह भी पढ़े :-
UPSC की तैयारी का सुनहरा अवसर, जनजातीय विद्यार्थियों को दिल्ली में मिलेगी फ्री कोचिंग
राजयोग मेडिटेशन से तनावमुक्त कार्यसंस्कृति की पहल, कलेक्टर नेहा मीना ने अधिकारियों के साथ किया ध्यान
MSME को बड़ी राहत, भुगतान विवाद जल्द सुलझेंगे: सांसद बंटी विवेक साहू
कलेक्टर नेहा मीना की नई पहल ‘सिवनी की उड़ान’, अब बेटियां बनेंगी पुलिस अफसर



