UPSC की तैयारी का सुनहरा अवसर, जनजातीय विद्यार्थियों को दिल्ली में मिलेगी फ्री कोचिंग
जनजातीय कार्य विभाग की योजना, 17 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन; 23 अगस्त को होगी स्क्रीनिंग परीक्षा
UPSC फ्री कोचिंग योजना 2026 – जनजातीय विद्यार्थियों को दिल्ली में फ्री कोचिंग, 17 अगस्त तक करें आवेदन
Seoni, 06 August 2026
सिवनी यशो:- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मध्यप्रदेश शासन ने सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया है। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए नई दिल्ली के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में निःशुल्क UPSC कोचिंग उपलब्ध कराने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेशभर से 100 प्रतिभाशाली अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें देश की राजधानी नई दिल्ली में उच्च स्तरीय कोचिंग का लाभ मिलेगा।
17 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 4 अगस्त 2026 से 17 अगस्त 2026 तक एमपी ऑनलाइन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन www.mponline.gov.in तथा www.mpsos.nic.in पोर्टल पर स्वीकार किए जा रहे हैं।
23 अगस्त को होगी स्क्रीनिंग परीक्षा
पात्र अभ्यर्थियों के चयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 23 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और शहडोल स्थित परीक्षा केंद्रों पर होगी।
20 अगस्त से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
अभ्यर्थी 20 अगस्त 2026 के बाद अपना प्रवेश पत्र www.mponline.gov.in एवं www.mpsos.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र की जानकारी उपलब्ध रहेगी।
यहां मिलेगी विस्तृत जानकारी
योजना की पात्रता, नियम एवं अन्य दिशा-निर्देश जनजातीय कार्य विभाग के पोर्टल https://www.tribal.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य, सिवनी से भी संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए 0755-2552106 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़े :-
कलेक्टर नेहा मीना की नई पहल ‘सिवनी की उड़ान’, अब बेटियां बनेंगी पुलिस अफसर
बेटियों की खास कैबिनेट से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव, छात्राओं को बताया AI का सही इस्तेमाल


