सड़क सुरक्षा पर प्रशासन का एक्शन मोड
कलेक्टर–एसपी की संयुक्त बैठक, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
विशेष संवाददाता
Mandla 07 January 2026
मंडला यशो:-जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और बढ़ते ट्रैफिक अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट संकेत दिया गया कि अब लापरवाही पर समझाइश नहीं, सीधी कार्रवाई होगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली बनी मौत का कारण, रेडियम पट्टी अनिवार्य
रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम पट्टी अनिवार्य करने के निर्देश दिए। कहा गया कि नियमों का पालन न करने वालों पर चालान के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं तो चालान तय
बैठक में दो टूक कहा गया कि बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर सख्ती से जुर्माना लगाया जाए।
पुलिस और यातायात विभाग को निर्देश दिए गए कि अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।
वाहन डीलर्स पर भी जिम्मेदारी तय
कलेक्टर ने आरटीओ को निर्देशित किया कि जिले के सभी वाहन डीलर्स की बैठक आयोजित की जाए और यह सुनिश्चित कराया जाए कि
➡️ नया दोपहिया वाहन खरीदने पर दो हेलमेट अनिवार्य रूप से दिए जाएँ।
उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि जन-व्यवहार में बदलाव लाना सबसे बड़ी चुनौती है।
स्कूल-कॉलेजों से बदलेगा ट्रैफिक कल्चर
मंडला में सड़क सुरक्षा बैठक को लेकर स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद, यातायात जागरूकता कार्यक्रम और अनुभाग स्तर पर बैठकों के आयोजन के निर्देश दिए गए।
साथ ही हेलमेट वितरण कार्यक्रम चलाने पर भी सहमति बनी।
स्टंट और रैश ड्राइविंग पर सीधी कार्रवाई
बैठक में सख्त संदेश दिया गया कि
❌ रैश ड्राइविंग
❌ स्टंटबाजी
❌ बिना लाइसेंस वाहन चलाना
अब सीधे कानूनी कार्रवाई को आमंत्रण होगा।
इसके साथ ही राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।
हेलमेट ने कैसे बचाई जान, सच्ची कहानियाँ सामने आएँगी
प्रशासन ने निर्देश दिए कि
बिना हेलमेट/सीट बेल्ट दुर्घटनाओं के दुष्परिणाम
हेलमेट-सीट बेल्ट से बची जानों की वास्तविक घटनाएँ और अनुभव
आमजन तक पहुँचाए जाएँ, जिससे डर नहीं बल्कि जिम्मेदारी का भाव पैदा हो।
बस स्टैंड, गड्ढे और अतिक्रमण पर भी सख्ती
मंडला शहर बस स्टैंड की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश सीएमओ को दिए गए।
मुख्य सड़कों पर बसों की अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने पर कार्रवाई,
सड़कों के गड्ढों की मरम्मत
अतिक्रमण हटाने
के लिए सीएमओ, राजस्व और यातायात विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में
अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह,
एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा,
एसडीएम सोनल सिडाम,
आरटीओ विमलेश कुमार गुप्ता,
सीएमओ गजानन नाफड़े,
एसडीओपी पीयूष मिश्रा,
थाना प्रभारी एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।
यह बैठक स्पष्ट संकेत है कि-
अब सड़क सुरक्षा केवल कागजी आदेश नहीं,
बल्कि मैदान में सख्त कार्रवाई के साथ लागू होगी।
लापरवाही करने वालों के लिए यह चेतावनी की आखिरी घंटी है।



