बंडोल के राहीवाड़ा हनुमान मंदिर मुकुट चोरी का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार
Seoni 04 August 2026
सिवनी / बंडोल यशो:- थाना बंडोल अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित प्रसिद्ध राहीवाड़ा हनुमान मंदिर में रविवार शाम करीब 4 बजे भगवान हनुमान जी के मुकुट की चोरी का प्रयास होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दो युवक मंदिर में पहुंचे और दर्शन करने के बहाने भगवान का मुकुट लेकर भागने लगे। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना का आभास होते ही मंदिर के पुजारी ने तत्काल साहस का परिचय देते हुए आरोपियों का पीछा किया। पुजारी की सूचना पर स्थानीय ग्रामीण भी सक्रिय हो गए और उनके सहयोग से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। बाद में उसे बंडोल पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि दूसरा आरोपी मुकुट लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर फरार साथी के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े मंदिर में हुई इस घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा चोरी गए मुकुट की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।



