कोई भी पद सेवा का माध्यम है, अहंकार का नहीं : राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन
बालाघाट में नागरिक अभिनंदन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में हुआ आत्मीय स्वागत, युवाओं को दिया सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
सिवनी / बालाघाट यशो:- उत्तराखण्ड के महामहिम राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन का बुधवार को बालाघाट में आयोजित नागरिक अभिनंदन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राज्यपाल का संवैधानिक दायित्व संभालने के बाद अपने गृहप्रदेश मध्यप्रदेश और पूर्व संसदीय क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि मनुष्य जीवन में कितनी भी ऊंचाइयां प्राप्त कर ले, उसकी जड़ें हमेशा अपनी माटी, संस्कारों और समाज से जुड़ी रहती हैं। क्षेत्र के लोगों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनकी जीवन यात्रा की सबसे बड़ी ताकत रहा है।
उन्होंने अपनी सार्वजनिक जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि चिकित्सा सेवा से शुरुआत कर विधायक, मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और लोकसभा सदस्य के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अवसर मिला। आज उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में संवैधानिक दायित्व निभाना उनके लिए गौरव के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
डॉ. बिसेन ने कहा कि मध्यप्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों प्रदेशों की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रभक्ति की भावना समृद्ध है। मध्यप्रदेश की धरती से मिले संस्कारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए उनका प्रयास शिक्षा, शोध, युवा सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना है।
युवाओं से कहा- पद को सेवा का माध्यम बनाएं
समारोह में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की विभिन्न परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने सभी सफल युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और धैर्य का परिणाम है। अब वे शासन-प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे। ऐसे में उन्हें हमेशा याद रखना चाहिए कि कोई भी पद सेवा का माध्यम है, अहंकार का नहीं। अपने कार्यों में समाज के अंतिम व्यक्ति की जरूरतों को प्राथमिकता देना ही सच्ची सफलता है।
स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, चरित्रबल और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल किसी पद को प्राप्त करने में नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और सामर्थ्य से समाज एवं राष्ट्र के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में है। राज्यपाल ने बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
अटल बिहारी वाजपेयी ई-लाइब्रेरी की पहल को सराहा
राज्यपाल डॉ. बिसेन ने ग्राम गर्रा के सरपंच वैभव बिसेन द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में स्थापित ई-लाइब्रेरी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और अध्ययन की संस्कृति मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवा शक्ति, नारी शक्ति, किसान शक्ति और ज्ञान शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं को ज्ञान-विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और नई तकनीक के क्षेत्रों में आगे आना चाहिए।
जनता के स्नेह और विश्वास को बताया सबसे बड़ी पूंजी
अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र में मिले सम्मान पर आभार व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वे इस अभिनंदन को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास, आशीर्वाद और आत्मीयता का प्रतीक मानते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए अपनी प्रतिभा को समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित करने का आह्वान किया।