कार्तिक पूर्णिमा पर होगा विशेष हवन-पूजन और महाआरती, मां अन्नपूर्णा को अर्पित किया जाएगा 56 प्रकार का भोग
सिवनी यशो :- जिला मुख्यालय से नागपुर मार्ग पर स्थित सीलादेही पहाड़ी पर विराजमान मां वैष्णवी देवी धाम में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य अन्नपूर्णा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। धनतेरस के पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ जगत जननी मां अन्नपूर्णा की दिव्य प्रतिमा की स्थापना कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया। यह धार्मिक आयोजन कार्तिक पूर्णिमा तक चलेगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन मां अन्नपूर्णा की विशेष पूजा-अर्चना कर उन्हें भोग अर्पित किया जा रहा है। मां के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीलादेही पहाड़ी पहुंच रहे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के अंतर्गत आंवला नवमी एवं एकादशी के अवसर पर पुजारियों की उपस्थिति में मां अन्नपूर्णा का विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। आंवला नवमी पर विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहती है। उल्लेखनीय है कि समिति द्वारा पूर्व में पहाड़ी पर लगाए गए आंवले के 100 से अधिक पौधे अब वृक्ष का रूप ले चुके हैं। इस अवसर पर श्रद्धालु इन वृक्षों के नीचे सपरिवार पहुंचकर पूजन-अर्चन करते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर 56 भोग और महाप्रसाद का आयोजन
अन्नपूर्णा महोत्सव का समापन कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और महाआरती के साथ होगा। इस अवसर पर मां अन्नपूर्णा को छप्पन (56) भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
समिति ने बताया कि छप्पन भोग अर्पित करने के इच्छुक श्रद्धालु मंदिर के पुजारी से संपर्क कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बन सकते हैं।
समिति ने श्रद्धालुओं से की सहभागिता की अपील
मां वैष्णवी देवी धाम समिति सीलादेही ने सभी धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर महोत्सव के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करें तथा जगत जननी मां अन्नपूर्णा का आशीर्वाद एवं धर्मलाभ प्राप्त करें।