बेटियों पर भद्दे कमेंट्स करने वालों पर शिकंजा, चाय-पान दुकानदारों को भी चेतावनी; एसपी कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर एएसपी दीपक मिश्रा ने भैरोगंज में दिखाई सख्ती।
सिवनी यशो :- स्कूल-कॉलेज जाने वाली बालिकाओं और युवतियों पर फब्तियां कसने, अभद्र टिप्पणियां करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर खड़े होकर उन्हें असहज करने वाले मनचलों के खिलाफ अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के भैरोगंज क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने चाय-पान की दुकान संचालकों को स्पष्ट शब्दों में समझाइश दी है कि उनके प्रतिष्ठानों पर ऐसे मनचलों का जमावड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
गुप्त शिकायतों के आधार पर एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
पुलिस को विभिन्न थानों में गोपनीय रूप से ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ चाय-पान की दुकानों पर युवक चाय पीने और सिगरेट पीने के बहाने घंटों खड़े रहते हैं। इसी दौरान स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली बालिकाओं और युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने संबंधित क्षेत्रों में इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुकानदारों को भी चेतावनी, प्रतिष्ठान पर मनचलों का जमावड़ा कराया तो होगी कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर एएसपी दीपक मिश्रा ने भैरोगंज क्षेत्र में चाय-पान की दुकान संचालकों को समझाइश देते हुए कहा कि स्कूल-कॉलेज लगने और छुट्टी होने के समय ऐसे युवकों को अपनी दुकानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा न लगाने दें, जो वहां खड़े होकर आने-जाने वाली बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई युवक दुकान पर खड़े होकर बालिकाओं पर अश्लील या आपत्तिजनक कमेंट्स करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों की भूमिका और लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। यानी अब दुकानदार यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकेंगे कि उनकी दुकान पर कौन खड़ा है, इससे उन्हें कोई मतलब नहीं।
समझाइश के साथ कार्रवाई भी जरूरी, तभी सफल होगी पहल
पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से बालिकाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। लेकिन इसका असर तभी दिखाई देगा, जब स्कूल-कॉलेज के समय ऐसे संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सख्त निर्देश देते रहे हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इन निर्देशों का प्रभाव धरातल पर दिखाई दे। मनचलों को समझाइश देना जरूरी है, लेकिन कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना उससे भी ज्यादा जरूरी है।
भैरोगंज में एएसपी की इस समझाइश के बाद अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। आखिर बालिकाओं को सुरक्षित माहौल देने की जिम्मेदारी केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि समाज और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की भी है। दुकानदारों को भी समझना होगा कि उनकी दुकान किसी की मनमानी और बालिकाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने का अड्डा नहीं बन सकती।
संदेश साफ है—चाय-पान की दुकान पर चाय पीजिए, लेकिन किसी बेटी पर फब्तियां कसने या उसे परेशान करने की छूट किसी को नहीं मिलेगी।