सिवनी

भारत मुक्ति मोर्चा व राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग, अंबेडकर चौक से निकाली रैली

भारत मुक्ति मोर्चा व राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा ने सिवनी में सौंपा ज्ञापन

Seoni, 28 July 2026
सिवनी यशो:- भारत मुक्ति मोर्चा एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत सोमवार को सिवनी में विशाल प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष वामन मेश्राम के नेतृत्व तथा राष्ट्रीय प्रभारी चाँद मोहम्मद के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, बहुजन समाज, युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रतिभागी अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए, जहां से शांतिपूर्ण रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति एवं शासन-प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न जनहित एवं सामाजिक मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज में सौहार्द, समानता तथा कानून के निष्पक्ष पालन पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर बहुजन मुक्ति पार्टी के जिला महासचिव एवं सोशल मीडिया प्रभारी  अशोक डेहरिया ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय से जुड़े मामलों में प्रशासन को निष्पक्ष एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर आगे भी व्यापक जनआंदोलन किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

नोट: समाचार में व्यक्त विचार संबंधित वक्ताओं के हैं। समाचार का उद्देश्य कार्यक्रम और उसमें रखे गए ज्ञापन व वक्तव्यों का तथ्यात्मक प्रस्तुतीकरण है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button