योग, ध्यान और सेवा के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को विश्वभर में पहुंचाने का कार्य सराहनीय, संस्था के स्थापना दिवस समारोह में हुए शामिल
देहरादून/बेंगलुरु, 23 नवंबर। उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन ने कहा है कि ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की 45 वर्षों की यात्रा केवल एक संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, मानव सेवा और विश्वबंधुत्व की भावना को समर्पित प्रेरक अभियान है। योग, ध्यान, प्राणायाम और सेवा के माध्यम से संस्था ने भारतीय ज्ञान परंपरा के शाश्वत संदेश को विश्वभर में पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन सोमवार को ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की स्थापना के 45 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी ने सुदर्शन क्रिया, योग, ध्यान और प्राणायाम के माध्यम से करोड़ों लोगों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी है। भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानते हुए मानवता के कल्याण के लिए कार्य करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि योग और ध्यान भारतीय ऋषि परंपरा की अमूल्य देन हैं। इनके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवनशैली विकसित कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में वैश्विक पहचान मिलना भारतीय ज्ञान परंपरा की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आर्थिक विकास के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना को भी समान महत्व देना आवश्यक है।
‘आर्ट ऑफ लिविंग’ जैसी संस्थाएं व्यक्ति निर्माण के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
अंत में राज्यपाल ने संस्था के सभी साधकों, स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं को 45 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी आध्यात्मिक चेतना, मानवीय सेवा और विश्व शांति के अपने प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।