सिवनी यशो:- में जिले में चर्चित हवाला प्रकरण में अब पुलिस विभाग के भीतर बड़ी कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीओपी पूजा पांडे सहित 11 पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें से 5 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
यह वही मामला है जिसका सूत्रपात 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात हुआ था, जब बड़ी मात्रा में नकदी जप्त होने की सूचना सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में कई पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद मामला उच्च अधिकारियों की निगरानी में चला गया।
आईजी जबलपुर जोन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए सिवनी एसपी और एडिशनल एसपी को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर यह कार्रवाई आंतरिक अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
सूत्रों के अनुसार, जांच में यह पाया गया कि हवाला रकम की बरामदगी के बाद उसकी रिपोर्टिंग और प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएँ हुई थीं। इसी आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस विभाग के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि एफआईआर दर्ज करने के बाद जांच और गिरफ्तारियों का दायरा बढ़ सकता है, क्योंकि अब मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और कॉल डिटेल्स की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस विभाग में भारी हलचल और चर्चा का माहौल है। नागरिक वर्ग में भी यह सवाल उठ रहा है कि इतने बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज होना अभूतपूर्व है।
वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर यह संकेत दिया गया है कि —
“विभागीय अनुशासन सर्वोपरि है, किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
अपडेट जारी



