रोमांचक फाइनल में छिंदवाड़ा ने चार अंकों से दी शिकस्त, सिवनी की खिलाड़ियों ने भी दिखाया शानदार दमखम
Seoni, 22 November 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अंतर्गत शनिवार, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में संभाग स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बालाघाट और सिवनी जिले की महिला कबड्डी टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बीच सिवनी की टीम ने फाइनल तक का सफर तय करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि छिंदवाड़ा की टीम विजेता बनी।
मीडिया प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र कुमार शेन्डे ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला छिंदवाड़ा और बालाघाट के बीच खेला गया, जिसमें छिंदवाड़ा की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में सिवनी की टीम ने पांढुर्णा को पराजित कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई।
चार अंकों के अंतर से तय हुआ विजेता
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला छिंदवाड़ा और सिवनी की टीमों के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे दमखम, शानदार खेल कौशल और संघर्ष क्षमता का प्रदर्शन किया। मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में छिंदवाड़ा की टीम ने बढ़त बनाते हुए सिवनी को चार अंकों से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। सिवनी की टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता का सफल संचालन प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग के मार्गदर्शन तथा क्रीड़ा अधिकारी एवं संगठन सचिव कमलेश टेम्भरे के नेतृत्व में किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पांडे, जिला कबड्डी एसोसिएशन अध्यक्ष रघुराज सिंह ठाकुर एवं विधायक प्रतिनिधि मोनू मिश्रा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताया।
आयोजन को सफल बनाने में जिले के क्रीड़ा अधिकारियों डॉ. गुलाम कादिर खान, डॉ. सायमा सरदेशमुख, डॉ. सपन जाट, के.सी. राऊर, डॉ. जसवंत सिंह राजपूत, डॉ. प्रदीप पटवारी सहित मनीष परिहार, आकांक्षा ठाकुर एवं सुधीर डेहरिया का उल्लेखनीय योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षक, स्टाफ सदस्य एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।