भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा को मिला नया जोश, संगठन विस्तार और जनजातीय हितों पर फोकस
जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह उईके की पहली बैठक में संगठन मजबूत करने का संकल्प, सरकार की योजनाएं हर जनजातीय परिवार तक पहुंचाने पर जोर
सिवनी: भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक, अर्जुन सिंह उईके बोले- जनजातीय समाज तक पहुंचेंगी सरकार की योजनाएं
Seoni 19 July 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को भाजपा जिला कार्यालय, सिवनी में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह उईके की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
संगठनात्मक मजबूती, जनजातीय समाज के बीच सक्रियता बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा पार्टी का महत्वपूर्ण संगठनात्मक अंग है। मोर्चे के कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ जनजातीय समाज के बीच सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता अनुसूचित जनजाति वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है। इसके लिए मोर्चा को गांव-गांव तक अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी।
भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। अनुसूचित जनजाति मोर्चा गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

मोर्चा के संभागीय प्रभारी एवं मंडला जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और मूल्यों का संरक्षण करते हुए समाज को भटकाने वाले किसी भी कुचक्र से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार की जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के साथ डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह उईके ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिले के प्रत्येक मंडल और ग्राम तक संगठन का विस्तार करेगा तथा समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अभियान चलाएगा।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
बैठक में भाजपा जिला मंत्री तरुण मुनिया टांक, मोर्चा के जिला महामंत्री टेकराम बरकड़े, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजीव उईके, पूर्व मंडल महामंत्री प्रताप परते, जिला कार्यालय मंत्री शेरसिंह उईके, सरपंच योगेश उईके, सुरेश उईके (सिंगपुर), बसोडीलाल उईके (धूमा) तथा शैलेंद्र राजनेगी (घूरवाड़ा) सहित मोर्चा एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
20 हजार करोड़ के निवेश से चमका MP, 27 हजार नौकरियों की उम्मीद



