रक्तदान बनेगा जनआंदोलन, कलेक्टर नेहा मीना की पहल पर अगस्त से दिसंबर तक चलेंगे विशेष शिविर
शहीदों को समर्पित होगा अभियान, जन्मदिन और वर्षगांठ पर भी रक्तदान के लिए किया जाएगा प्रेरित
सिवनी स्वैच्छिक रक्तदान अभियान – रक्तदान बनेगा जनआंदोलन: कलेक्टर नेहा मीना की पहल, अगस्त से दिसंबर तक लगेंगे विशेष शिविर
Seoni 06 August 2026
सिवनी यशो:- जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने और स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने बड़ी पहल की है। उनके मार्गदर्शन में अब जिलेभर में अगस्त से दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से व्यापक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की सबसे खास बात यह होगी कि इसे देश के अमर शहीदों को समर्पित किया जाएगा।
इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), युवा संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन, रक्त की उपलब्धता बढ़ाने, युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
“रक्त का कोई विकल्प नहीं” : कलेक्टर नेहा मीना
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। समय पर उपलब्ध रक्त किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से वर्ष में कम से कम एक बार स्वैच्छिक रक्तदान करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि समाज आगे आए तो जिले में रक्त की कमी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
शहीदों को समर्पित रहेगा पूरा अभियान
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि जिले का संपूर्ण स्वैच्छिक रक्तदान अभियान देश के अमर शहीदों को समर्पित रहेगा। प्रत्येक रक्तदान शिविर की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। अभियान का संदेश होगा—
“रक्तदान – मानवता की सेवा, शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि।”
हर वर्ग को जोड़ने की तैयारी
जिला प्रशासन ने तय किया है कि सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवा संगठनों को अभियान की कोर टीम में शामिल किया जाएगा। यह टीम अगस्त से दिसंबर तक जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविर आयोजित करेगी। शिविर विकासखंडों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेज में बनेंगे ब्लड डोनेशन ब्रांड एंबेसडर
युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ब्लड डोनेशन ब्रांड एंबेसडर बनाए जाएंगे। ये विद्यार्थी अपने संस्थानों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और अधिक से अधिक युवाओं को इस मानव सेवा अभियान से जोड़ेंगे।
जन्मदिन और वर्षगांठ पर रक्तदान का संदेश
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, स्मृति दिवस एवं अन्य सामाजिक अवसरों को रक्तदान से जोड़ने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
बनेगी रक्तदाताओं की डायरेक्टरी
आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराने के लिए जिले के नियमित एवं इच्छुक रक्तदाताओं की डिजिटल डायरेक्टरी तैयार की जाएगी। इसमें रक्त समूह और संपर्क विवरण दर्ज रहेगा, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रियंका वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
यह भी पढ़े :-
बेटियों की खास कैबिनेट से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव, छात्राओं को बताया AI का सही इस्तेमाल
नैनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन के प्रयासों से मिली स्वीकृति




One Comment