एक विधि-विरुद्ध कार्य करने वाला किशोर भी हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज और फिंगर प्रिंट से पुलिस को मिला सुराग
गांगीवाड़ा बैंक का शटर तोड़कर अंदर घुसे थे आरोपी, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Chhindwara, 14 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- दीपावली के दिन पंजाब नेशनल बैंक की गांगीवाड़ा शाखा में सेंधमारी कर चोरी की कोशिश करने वाले गिरोह का देहात पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले किशोर को अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बैंक में घुसकर वारदात करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब फरार चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है।
सुबह 4:18 बजे बैंक का सायरन बजने से खुला मामला
पुलिस के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक गांगीवाड़ा के शाखा प्रबंधक सोनल इंदल भावे ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4 बजकर 18 मिनट पर बैंक के सायरन अलार्म का कॉल आया। सूचना मिलते ही उन्होंने बैंक कर्मचारी दुर्गेश सहित अन्य लोगों को तत्काल शाखा पहुंचने के लिए भेजा।
बैंक पहुंचने पर कर्मचारियों ने देखा कि शाखा का शटर खुला हुआ था और उसमें लगे ताले टूटे हुए थे। इतना ही नहीं, बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़े मिले। शाखा प्रबंधक की शिकायत पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 669/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305(ए), 324(2) एवं 62 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी फुटेज और फिंगर प्रिंट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दीपावली के दिन हुई इस गंभीर घटना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को विशेष टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों और फिंगर प्रिंट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों के बाद 13 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों सहित एक विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले किशोर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
चार साथियों ने मिलकर बनाई थी बैंक में घुसने की योजना
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले किशोर और अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक गांगीवाड़ा में घुसकर अपराध करने की बात स्वीकार की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए देहात पुलिस ने विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश देने रवाना की है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अल्ताफ कुरैशी के विरुद्ध थाना कोतवाली में चोरी के अपराध पहले से पंजीबद्ध हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बैंक में सेंधमारी की कोशिश के इस मामले का खुलासा करने में थाना देहात पुलिस की विशेष टीम की भूमिका रही। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।