Sat, 14 Nov 2026 | 09:24:15 PM
Dainik Yashonnati
Breaking News Exclusive
एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख नकद और 700 ग्राम सोना मिला नेहरू जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल आसवानी को दी श्रद्धांजलि बिरसा मुंडा का बलिदान और आदर्श सदियों तक देशवासियों को करते रहेंगे प्रेरित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय महापुरुषों की गौरवगाथा जन-जन तक पहुंचाने भाजपा ने बनाई व्यापक कार्ययोजना युवा ही देश का भविष्य और भाग्य विधाता हैं : विधायक दिनेश राय मुनमुन आधार बायोमेट्रिक अपडेट अभियान में सिवनी प्रदेश में अव्वल स्नेह परिधान संकल्प अभियान से आंगनवाड़ी केंद्रों में बढ़ेगा बच्चों का अपनत्व पेंच टाइगर रिजर्व में वन अमले को दिया गया शस्त्र संचालन प्रशिक्षण 15 नवंबर को लखनादौन में होगा जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किसानों के अपमान पर जिला कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, भाजपा सांसद के बयान पर जताया कड़ा आक्रोश एसडीओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख नकद और 700 ग्राम सोना मिला नेहरू जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल आसवानी को दी श्रद्धांजलि बिरसा मुंडा का बलिदान और आदर्श सदियों तक देशवासियों को करते रहेंगे प्रेरित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय महापुरुषों की गौरवगाथा जन-जन तक पहुंचाने भाजपा ने बनाई व्यापक कार्ययोजना युवा ही देश का भविष्य और भाग्य विधाता हैं : विधायक दिनेश राय मुनमुन आधार बायोमेट्रिक अपडेट अभियान में सिवनी प्रदेश में अव्वल स्नेह परिधान संकल्प अभियान से आंगनवाड़ी केंद्रों में बढ़ेगा बच्चों का अपनत्व पेंच टाइगर रिजर्व में वन अमले को दिया गया शस्त्र संचालन प्रशिक्षण 15 नवंबर को लखनादौन में होगा जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किसानों के अपमान पर जिला कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, भाजपा सांसद के बयान पर जताया कड़ा आक्रोश

जनजातीय गौरव सप्ताह : बिरसा मुंडा का बलिदान और आदर्श सदियों तक देशवासियों को करते रहेंगे प्रेरित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बिरसा मुंडा का बलिदान और आदर्श सदियों तक देशवासियों को करते रहेंगे प्रेरित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शेयर करें:

जबलपुर में जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ, 133.05 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में बनेंगे सांदीपनि विद्यालय, जनजातीय प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों का हुआ सम्मान

सिवनी से भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन सहित दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने की सहभागिता

जबलपुर/सिवनी। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान, उनका संघर्ष और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने अल्पायु में ही स्वदेश, स्वधर्म, स्वाभिमान और सामाजिक अनुशासन का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। स्वाभिमान से बड़ा कोई गौरव नहीं और संस्कृति से बड़ी कोई विरासत नहीं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में कही।

birsa-munda-jayanti-janjatiya-gaurav-saptah-jabalpur-3-6af88038bd40b.webp

मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ करते हुए जनजातीय समाज के नायकों के योगदान को स्मरण किया और नई पीढ़ी को उनके संघर्षपूर्ण इतिहास से परिचित कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर जबलपुर को 133.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई तथा छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में सांदीपनि विद्यालय स्थापित करने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों के लिए जागरूक तथा संगठित होने की सीख दी। उनका जीवन बताता है कि अपनी मातृभूमि, समाज और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए साहस और संकल्प के साथ खड़ा होना कितना महत्वपूर्ण है। जनजातीय नायकों ने देश की प्राचीन संस्कृति और विरासत के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन नायकों के बलिदान और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

birsa-munda-jayanti-janjatiya-gaurav-saptah-jabalpur-2-6af8805615149.webp

जनजातीय नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचा रही सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय नायकों के योगदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह, टंट्या मामा, राजा भभूत सिंह, भीमा नायक, ख्वाजा नायक और बादल भोई जैसे वीरों का संघर्ष और राष्ट्रभक्ति नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने बताया कि जबलपुर में राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा गया है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय समाज के इन महानायकों का योगदान केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित न रहे, बल्कि उनकी प्रेरक गाथाएं समाज के प्रत्येक वर्ग और नई पीढ़ी तक पहुंचें।

birsa-munda-jayanti-janjatiya-gaurav-saptah-jabalpur-4-6af8806c337a7.webp

जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में अनेक जनजातीय समुदाय निवास करते हैं। राज्य सरकार उनके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। विशेष रूप से चिह्नित जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ पहुंचाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों को विकासखंड स्तर तक उत्साहपूर्वक मनाने का आह्वान किया, ताकि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों के विचार और संघर्ष की गाथाएं गांव-गांव तक पहुंच सकें।

छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में बनेंगे सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में जनजातीय अंचलों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में 85 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। जबलपुर में छात्रावास और विद्यालय सहित लगभग 133.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

उन्होंने बताया कि डिंडोरी में आयुर्वेदिक महाविद्यालय और मंडला में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। महाकौशल क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के प्रयास भी जारी हैं। श्रीअन्न को प्रोत्साहन देने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न योजना शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से 401.56 करोड़ रुपये के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताए बिरसा मुंडा के जीवन के तीन संदेश

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उइके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सामान्य परिवार में जन्म लेकर जनजातीय समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने अंधविश्वास और नशाखोरी के विरुद्ध अभियान चलाया तथा शिक्षा और स्वावलंबन को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने बिरसा मुंडा के जीवन से मिलने वाले तीन प्रमुख संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहला संदेश अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करना, दूसरा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना और तीसरा आत्मसम्मान तथा आत्मनिर्भरता को जीवन का आधार बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद जनजातीय नायकों को सम्मान देने और जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की गई हैं।

जनजातीय प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया। जल संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए उजियारो बाई, हैदराबाद आर्ट एग्जीबिशन के लिए पूर्णिमा पुसरे, कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली पूजा धुर्वे, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट जमना उइके, पैर से लिखने वाली दिव्यांग प्रतिभा द्रोपदी धुर्वे, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान बनाने वाले पीएचडी स्कॉलर राम किशोर सिरसाम, वॉलीबॉल में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले हिमांशु परते तथा गोंडवाना लोक साहित्य के साहित्यकार डॉ. टी.आर. बरकड़े को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय युवाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ भी वितरित किए। समारोह में जनजातीय धर्मगुरुओं का सम्मान कर अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री को पारंपरिक साफा बांधकर तथा तीर-कमान भेंटकर सम्मानित किया गया। उन्होंने जनजातीय परिधान धारण कर पारंपरिक ढोल भी बजाया और जनजातीय संस्कृति, परंपरा तथा लोककला के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

सिवनी से दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजनों की सहभागिता

जबलपुर में आयोजित इस राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में सिवनी जिले की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन के नेतृत्व में सिवनी जिले से भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

जिले से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस गौरवपूर्ण आयोजन में सहभागिता कर जनजातीय समाज के महान नायकों के बलिदान, संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान प्रकट किया।

कार्यक्रम को जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके तथा जबलपुर सांसद आशीष दुबे ने भी संबोधित किया। राज्यस्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिक उपस्थित रहे।

Live

लाइव क्रिकेट Score

Live

दैनिक राशिफल Daily

ज्योतिष

जरूरी खबरें