दोपहर 12 बजे से शुरू होगी खरीदी-बिक्री, मंडी प्रशासन ने प्रांगण में ही उपज बेचने की अपील की
सही तौल, अधिकतम मूल्य और नगद भुगतान के लिए मंडी में लाने की सलाह, गड़बड़ी पर लिखित शिकायत का मिलेगा त्वरित निराकरण
Chhindwara, 14 November 2026
छिंदवाड़ा / सौंसर यशो:- क्षेत्र के कपास उत्पादक किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। कृषि उपज मंडी प्रांगण सौंसर में सोमवार, 16 नवंबर से कपास की खरीदी-बिक्री के लिए नीलामी कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। दोपहर 12 बजे से नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी। मंडी प्रशासन ने क्षेत्र के किसानों से अपनी उपज मंडी प्रांगण में ही लाकर प्रतिस्पर्धात्मक नीलामी पद्धति से बेचने की अपील की है, ताकि उन्हें उपज का उचित एवं अधिकतम मूल्य मिल सके।
मंडी समिति के सचिव एवं भारसाधक अधिकारी ने किसानों से आग्रह किया है कि वे अपनी कपास की उपज सीधे मंडी में लाएं। यहां प्रतिस्पर्धात्मक नीलामी के माध्यम से बाजार में प्रचलित भाव के अनुसार बेहतर कीमत प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही उपज की सही तौल और नगद भुगतान की सुविधा भी सुनिश्चित होगी।
बाहर उपज बेचने से हो सकता है आर्थिक नुकसान
मंडी प्रशासन ने किसानों को आगाह किया है कि मंडी के बाहर अथवा सीधे जिनिंग फैक्ट्रियों में कपास बेचने पर बाजार भाव की सही जानकारी नहीं मिल पाने के कारण उन्हें अपेक्षाकृत कम कीमत मिलने की आशंका रहती है। इसके विपरीत मंडी प्रांगण में प्रतिस्पर्धात्मक नीलामी होने से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
तौल और भुगतान में समस्या आए तो करें शिकायत
मंडी प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि नीलामी के दौरान सौदा पत्रक, तौल अथवा भुगतान को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो किसान तत्काल मंडी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। प्राप्त शिकायत का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
मंडी प्रशासन ने क्षेत्र के समस्त कपास उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे 16 नवंबर से प्रारंभ हो रही नीलामी प्रक्रिया का लाभ उठाएं और अपनी उपज मंडी प्रांगण में ही विक्रय कर उचित मूल्य, पारदर्शी तौल एवं सुरक्षित भुगतान सुनिश्चित करें।