अक्टूबर माह में 15.6 प्रतिशत उपलब्धि के साथ हासिल किया पहला स्थान, UIDAI के निदेशक ने कलेक्टर को पत्र भेजकर की सराहना
Seoni, 14 November 2026
सिवनी यशो:- विद्यार्थियों के अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) अभियान में सिवनी जिले ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अक्टूबर 2026 में पूरे मध्यप्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले में अभियान के अंतर्गत 15.6 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI), मध्यप्रदेश के निदेशक सुमित मिश्रा ने कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार को पत्र भेजकर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की है।
लगातार तीन माह से प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में सिवनी
UIDAI के निदेशक सुमित मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सिवनी जिला लगातार पिछले तीन माह से प्रदेश के शीर्ष पांच प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहा है। अक्टूबर माह में जिले ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
स्कूल शिक्षा विभाग और DEGS की टीम के प्रयासों की सराहना
निदेशक ने जिले की इस उपलब्धि के लिए विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग एवं DEGS की टीम के प्रयासों और अभियान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की है। उन्होंने दीपावली अवकाश के बाद भी अभियान की गति बनाए रखने तथा आगामी दिनों में बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में जारी हैं प्रयास
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार के मार्गदर्शन में जिले में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान में जिले की निरंतर बेहतर स्थिति जिला प्रशासन, संबंधित विभागों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। आधार बायोमेट्रिक अपडेट के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना सिवनी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।