कमलनाथ ने भोपाल में प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं से कराया आत्मीय संवाद, नकुलनाथ बोले– छिंदवाड़ा मेरा पहला प्यार है, था और रहेगा
कमलनाथ के उत्तराधिकारी के रूप में 2019 में हुई थी राजनीतिक शुरुआत, अब प्रदेशव्यापी सक्रियता के दिए स्पष्ट संकेत
Chhindwara, 14 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बाद अब उनके पुत्र और पूर्व सांसद नकुलनाथ की प्रदेश स्तर पर सक्रिय भूमिका को लेकर नए राजनीतिक संकेत सामने आए हैं। भोपाल में कमलनाथ के निवास पर आयोजित भव्य कार्यक्रम के जरिए नकुलनाथ ने प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसे नकुलनाथ की प्रदेशव्यापी राजनीतिक सक्रियता की नई शुरुआत और कमलनाथ के राजनीतिक उत्तराधिकार को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सिविल लाइंस, श्यामला हिल्स स्थित भोपाल निवास पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, दीपावली मिलन समारोह और कमलनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे।
नकुलनाथ ने सभी से आत्मीय मुलाकात की और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के साथ संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि कमलनाथ ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ को छिंदवाड़ा से चुनावी मैदान में उतारकर अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में आगे बढ़ाया था। नकुलनाथ चुनाव जीतकर सांसद बने, लेकिन वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को छिंदवाड़ा में अप्रत्याशित पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बाद अब प्रदेश की राजनीति में नकुलनाथ की भूमिका को विस्तार देने के संकेत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
छिंदवाड़ा मेरा पहला प्यार है और हमेशा रहेगा : नकुलनाथ
कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा के प्रति कमलनाथ के भावनात्मक लगाव को प्रमुखता से सामने रखा। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा उनका पहला प्यार है, था और आगे भी रहेगा। कमलनाथ प्रतिवर्ष 18 नवंबर को भोपाल स्थित अपने निवास पर जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन इस बार वे यहां नहीं आ सके। इसी वजह से उन्होंने मुझे भेजा। मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशभर से आए कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात का अवसर मिला।
नकुलनाथ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रेम, विश्वास और जोश देखकर उनकी ताकत दोगुनी हो गई है। उन्होंने प्रदेश में अपनी सक्रियता को लेकर कहा कि उनकी राजनीतिक सक्रियता निरंतर बनी हुई है और आगे भी जारी रहेगी।
गुटबाजी के सवाल पर बोले, कांग्रेस पूरी तरह एकजुट
प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी से जुड़े सवाल पर नकुलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट और ताकतवर है। आने वाले प्रत्येक चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सफलता मिलने जा रही है। उनके इस बयान को प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
कमलनाथ की 45 वर्षों की राजनीतिक विरासत का उल्लेख
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नकुलनाथ को मध्यप्रदेश का लोकप्रिय जनप्रतिनिधि, पूर्व सांसद और भावी सांसद बताते हुए उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कमलनाथ के साढ़े चार दशक के राजनीतिक सफर और प्रदेश के विकास में उनके योगदान का उल्लेख किया।
जीतू पटवारी ने कहा कि कमलनाथ सत्ता में रहे हों या विपक्ष में, मध्यप्रदेश के विकास में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। कमलनाथ का मध्यप्रदेश से गहरा जुड़ाव है और इसी तरह नकुलनाथ का रिश्ता भी प्रदेश की राजनीति से हमेशा बना रहेगा।
18 नवंबर को 80 वर्ष के होंगे कमलनाथ
उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आगामी 18 नवंबर को अपना 80वां जन्मदिन मनाएंगे। लंबे राजनीतिक अनुभव और छिंदवाड़ा से दशकों पुराने जुड़ाव के चलते उनकी राजनीति में आज भी विशेष पहचान है। छिंदवाड़ा को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाने वाले कमलनाथ का कहना है कि वे अंतिम सांस तक छिंदवाड़ा की सेवा करते रहेंगे।
भोपाल में आयोजित इस आयोजन के माध्यम से जहां कमलनाथ ने प्रदेशभर के कांग्रेसजनों के साथ अपने रिश्तों को मजबूती दी, वहीं नकुलनाथ की प्रदेशव्यापी सक्रियता ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के भविष्य के नेतृत्व को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को भी नई दिशा दे दी है।