भाजपा जिला कार्यालय में जनजातीय मोर्चा की बैठक में 11 से 20 नवंबर तक होने वाले आयोजनों की रूपरेखा तय, मंडल से बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम
छात्रावासों में विद्यार्थियों को बताई जाएगी भगवान बिरसा मुंडा की संघर्षगाथा, प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव के साथ मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस
Seoni, 14 November 2026
सिवनी यशो:- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, बलिदान, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा ने 11 से 20 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की है।

इसी क्रम में 13 नवंबर को भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में जनजातीय मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, जिला पंचायत मंडला के अध्यक्ष एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संभागीय प्रभारी संजय सिंह कुशराम, भाजपा जिला महामंत्री गजानन पंचेश्वर, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी उईके, जिला मंत्री तरुण मुनियाटांक, जनजातीय मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह उईके तथा मीडिया सह प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी सहित जनजातीय मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महापुरुषों के जीवन और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य : मीना बिसेन
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का मूल उद्देश्य उनके जीवन, संघर्ष, त्याग और देश के प्रति योगदान को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध रहा है।
आवश्यकता है कि इन महानायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और समाज में उनके प्रति सम्मान एवं गौरव का भाव विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम केवल जिला अथवा विकासखंड स्तर तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें मंडल और बूथ स्तर तक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाना चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर जनजातीय महापुरुषों की गौरवगाथा से लोगों को परिचित कराए।
श्रीमती बिसेन ने बताया कि 15 नवंबर को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
छात्रावासों में विद्यार्थियों को सुनाई जाएगी भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा
बैठक में छात्रावासों एवं आश्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान से परिचित कराने पर विशेष जोर दिया गया। श्रीमती बिसेन ने कहा कि विद्यार्थियों को यह जानना आवश्यक है कि भगवान बिरसा मुंडा ने किन विषम परिस्थितियों में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं देश के स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
इसके लिए छात्रावासों एवं आश्रमों में निबंध, भाषण और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें अपने गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक किया जाएगा।
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव
बैठक में तय किया गया कि मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता गांवों में पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं एवं स्मारक स्थलों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाएंगे। प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई के पश्चात दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा तथा पुष्पांजलि अर्पित कर महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसके साथ ही जनजातीय समाज के महानायकों के सम्मान में गांवों के चौराहों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों को उनके नाम से संबोधित करने तथा सड़कों एवं चौक-चौराहों के नामकरण के प्रस्तावों पर भी विचार करने की बात रखी गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रयासों से महापुरुषों की स्मृतियां समाज के बीच जीवंत रहेंगी और आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से परिचित हो सकेंगी।
जनजातीय महापुरुषों का इतिहास गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान : संजय सिंह कुशराम
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संभागीय प्रभारी एवं जिला पंचायत मंडला के अध्यक्ष संजय सिंह कुशराम ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को व्यापक स्तर पर स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अनेक महापुरुषों ने देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है।
उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों की गौरवगाथा को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने 11 से 20 नवंबर तक निर्धारित कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जोड़ना जरूरी : अर्जुन सिंह उईके
जनजातीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह उईके ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का महत्वपूर्ण उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, त्याग और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचारों और संघर्ष की जानकारी प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों के बीच रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से महापुरुषों की गौरवगाथा पहुंचाई जाए। वहीं गांवों में प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव और पुष्पांजलि के कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय नायकों के प्रति सम्मान का भाव विकसित किया जाए।
अर्जुन सिंह उईके ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता के साथ संपन्न कराने और 15 नवंबर के जिला स्तरीय आयोजन में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
15 नवंबर के आयोजन को सफल बनाने के लिए वर्चुअल बैठक
जनजातीय गौरव दिवस के व्यापक एवं सफल आयोजन को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने 14 नवंबर को वर्चुअल बैठक भी ली। इसमें जिले के समस्त जिला पदाधिकारी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में आयोजन की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प व्यक्त किया कि 11 से 20 नवंबर तक निर्धारित कार्यक्रमों को संगठनात्मक सक्रियता और जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाएगा। इसके माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों के संघर्ष, बलिदान, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति योगदान का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।