जिला स्तरीय युवा उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह, राष्ट्रीय एथलेटिक्स में कांस्य पदक जीतने वाली धाविका अंजली कोरी का भी किया सम्मान
Seoni, 14 November 2026
सिवनी यशो:- युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मक सोच ही राष्ट्र को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाने की शक्ति रखती है। युवा ही देश का भविष्य और भाग्य विधाता हैं। यह बात सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने शनिवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित युवा उत्सव का शुभारंभ विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर विधायक का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
युवा उत्सव प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण अवसर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि सिवनी की पावन धरा पर जिले के प्रतिभाशाली युवाओं के बीच उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि युवा ही देश का भविष्य और भाग्य विधाता हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मक सोच राष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन मात्र नहीं है, बल्कि यह युवाओं में निहित कला, संस्कृति, रचनात्मकता एवं खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। युवा अपनी प्रतिभा के माध्यम से न केवल स्वयं की पहचान स्थापित करते हैं, बल्कि अपने जिले, प्रदेश और देश का गौरव भी बढ़ाते हैं।
विधायक ने जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग को आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं से पूरी लगन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपनी प्रतिभा निखारने तथा प्रत्येक अवसर का बेहतर उपयोग कर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जनभागीदारी समिति पीजी कॉलेज के अध्यक्ष अजय बाबा पांडे, विधायक प्रतिनिधि खेल एवं युवा कल्याण विभाग मनीष मोनू मिश्रा, रविन्द्र मंद्रेला, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग, अजय चतुर्वेदी, डॉ. अरविन्द चौरसिया, रमेश श्रीवास्तव चातक, नारायण बिसेन, डॉ. रामकुमार बघेल, डॉ. सविता मसीह, अहफाज खान, इंद्रेश शर्मा, संजय जैन, अशोक अकेला, प्रकाश भंडारी, लक्ष्मी प्रसाद ठाकरे, मोहन सनोडिया, संदीप मिश्रा, श्रीमती सुषमा डहेरिया एवं श्रीमती शिवानी पराते सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एथलेटिक्स में कांस्य पदक जीतने वाली अंजली कोरी का सम्मान
युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की कड़ी में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अपने कार्यालय में सिवनी नगर के सुनारी मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय होनहार धाविका अंजली कोरी का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
उल्लेखनीय है कि अंजली कोरी ने उत्तर प्रदेश के बागपत जिले स्थित विघा कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर सिवनी का गौरव बढ़ाया है। विधायक ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंजली जैसी प्रतिभाएं जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। खेल के क्षेत्र में मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।