श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जिनालय में होगा श्री समयसार मंडल विधान, पिडावा से पधारेंगे पंडित धनसिंह जी ज्ञायक
Chhindwara, 15 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जैन धर्म के अनादि, अनंत एवं शाश्वत धार्मिक पर्व अष्टान्हिका महापर्व के पावन अवसर पर सकल जैन समाज द्वारा आठ दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। श्री दिगंबर जैन मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में कार्तिक शुक्ल अष्टमी मंगलवार, 17 नवंबर से कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा मंगलवार, 24 नवंबर तक महापर्व की मंगल आराधना श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ की जाएगी।फेडरेशन के सचिव एवं प्रांतीय मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि आठ दिवसीय इस मंगल महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार 17 नवंबर को प्रातः 7:20 बजे नई आबादी गांधीगंज स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जिनालय में जिनबिंब प्रक्षालन एवं नित्य नियम पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात प्रातः 8 बजे से श्री समयसार मंडल विधान का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रातः 9:30 बजे पिडावा से पधार रहे विद्वान पंडित श्री धनसिंह जी ज्ञायक के सान्निध्य में स्वाध्याय का लाभ समाजजनों को प्राप्त होगा।
महापर्व के दौरान प्रतिदिन संध्याकालीन धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आयोजित होगी। शाम 7 बजे बच्चों की पाठशाला, 7:45 बजे श्री जिनेन्द्र भक्ति तथा रात्रि 8:15 बजे पंडित श्री धनसिंह जी ज्ञायक के स्वाध्याय का आयोजन किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों का लाभ श्रद्धालुओं को लगातार आठ दिनों तक प्राप्त होगा।
अष्टान्हिका महापर्व जैन धर्म में आत्मकल्याण, धर्माराधना, संयम और आध्यात्मिक साधना का विशेष अवसर माना जाता है। इस दौरान जिनवाणी श्रवण, विधान, पूजन, भक्ति एवं स्वाध्याय के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित करने का विशेष महत्व है।
आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील मंडल अध्यक्ष शांतिकुमार पाटनी, महामंत्री अशोक वैभव, कोषाध्यक्ष संजीव सिंघई सहित सुरेन्द्र जैन, सुबोध जैन, जिनेन्द्र जैन, वीरेंद्र जैन, ज्ञानानंद जैन, निखिल जैन, निलेश जैन, रूपेंद्र शास्त्री एवं समस्त जिनशासन सेवकों ने सकल जैन समाज से की है।