बिहीरिया में विशाल ईनामी दंगल में पहलवानों का बढ़ाया उत्साह, मुंडरई की मड़ई और डंडार कार्यक्रम में हुए शामिल; रानीताल और मेकदौन हार में कलेक्टर-एसपी के साथ कृषि एवं आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा
Seoni, 15 November 2026
सिवनी यशो :- ग्रामीण खेलों की परंपरा, लोक संस्कृति और कृषि आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।
इस दौरान उन्होंने कहीं दंगल के अखाड़े में पहलवानों का उत्साह बढ़ाया तो कहीं पारंपरिक मड़ई और डंडार कार्यक्रम में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। वहीं लखनादौन क्षेत्र में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कृषि, गौपालन और मत्स्य पालन की गतिविधियों का निरीक्षण कर ग्रामीण आजीविका के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

विशाल ईनामी दंगल में पहलवानों का बढ़ाया उत्साह
विधायक दिनेश राय मुनमुन सर्वप्रथम ग्राम बिहीरिया (नांदनी) पहुंचे, जहां आयोजित विशाल ईनामी दंगल में उन्होंने सहभागिता की। आयोजन समिति द्वारा शाल-श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया।
दंगल में अपनी कुश्ती कला, शारीरिक शक्ति, साहस और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे पहलवानों का उन्होंने उत्साहवर्धन किया। साथ ही प्रतिभागी पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल हमारी ग्रामीण संस्कृति और खेल विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इन परंपराओं को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय प्रतिभाएं आगे बढ़कर अपनी पहचान बना सकें।
मुंडरई की मड़ई और डंडार कार्यक्रम में हुए शामिल
इसके पश्चात विधायक ग्राम मुंडरई पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित डंडार कार्यक्रम एवं पारंपरिक मड़ई में सहभागिता की। यहां आयोजकों एवं ग्रामीणजनों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। विधायक ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और उपस्थित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान स्थानीय गतिविधियों और क्षेत्रीय विषयों पर भी चर्चा एवं संवाद किया।

कृषि, गौपालन और मत्स्य पालन की गतिविधियों का निरीक्षण
अपने भ्रमण के अगले चरण में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने लखनादौन क्षेत्र के रानीताल एवं मेकदौन हार में जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह के साथ कृषि एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान शिमला मिर्च एवं टमाटर की फसलों, गौपालन की व्यवस्थाओं तथा मत्स्य पालन केंद्र में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया गया। विधायक एवं अधिकारियों ने उन्नत कृषि पद्धतियों के माध्यम से की जा रही खेती, फसल उत्पादन, नवीन कृषि तकनीकों तथा पशुपालन एवं मत्स्य पालन की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस भ्रमण के दौरान ग्रामीण खेलों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहन देने के साथ कृषि एवं उससे जुड़ी आजीविका गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया गया। विधायक का यह दौरा ग्रामीण जीवन के विविध पहलुओं से जुड़ाव और क्षेत्रीय गतिविधियों में सहभागिता के रूप में सामने आया।