मुनि श्री निर्वेगसागर जी महाराज ने कहा—पिच्छिका बदलने के साथ जीवन में भी लाएं परिवर्तन, विचारों और आचरण को बनाएं शुद्ध
Seoni, 15 November 2026
सिवनी / लखनादौन यशो:- आचार्य गुरुवर श्री विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य गुरुवर श्री समयसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद तथा आज्ञानुवर्ती शिष्य मुनि श्री निर्वेगसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में लखनादौन में चातुर्मास के समापन अवसर पर पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जैन समाज सहित आसपास के विभिन्न नगरों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
समारोह का शुभारंभ लखनादौन के प्रमुख मार्गों से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए बाजार प्रांगण स्थित देशना पंडाल पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र का अनावरण किया गया। इसके पश्चात पूज्य मुनिराजों के पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट का पुण्यलाभ श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। मुनि संघ के मंगल प्रवचनों ने उपस्थित धर्मप्रेमियों को धर्म, संयम और आत्मकल्याण की प्रेरणा दी।
पिच्छिका परिवर्तन के साथ जीवन में भी लाएं बदलाव : मुनि श्री निर्वेगसागर जी
मुनि श्री 108 निर्वेगसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में लखनादौन चातुर्मास की सफलता के लिए समस्त जैन समाज, युवाओं, मातृशक्ति और श्रद्धालुओं के सहयोग की सराहना की तथा सभी को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
पिच्छिका परिवर्तन के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए मुनि श्री ने कहा कि यह अवसर केवल पिच्छिका बदलने का नहीं, बल्कि अपने जीवन में भी परिवर्तन लाने का है। हमें अपने विचारों, व्यवहार और आचरण को शुद्ध बनाकर संयम एवं धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। चातुर्मास की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब गुरु सान्निध्य से हमारे भीतर आत्मपरिवर्तन हो और हमारा जीवन धर्ममय बने।
श्रद्धालुओं को मिला पिच्छिका लेने का पुण्यलाभ
पिच्छिका परिवर्तन समारोह में विभिन्न मुनिराजों की पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य श्रद्धालु परिवारों को मिला। इसमें मुनि श्री निर्वेगसागर जी महाराज की पिच्छिका लेने का सौभाग्य श्री सचिन जैन राजा एवं श्रीमती प्रतीक्षा जैन को प्राप्त हुआ। मुनि श्री सविनयसागर जी महाराज की पिच्छिका कपिल जैन एवं श्रीमती मौली जैन ने प्राप्त की।
इसी क्रम में मुनि श्री जाग्रतसागर जी महाराज की पिच्छिका लेने का सौभाग्य श्री रमेश जैन एवं श्रीमती सविता जैन (सागर) को मिला। मुनि श्री समन्वयसागर जी महाराज की पिच्छिका श्री विजय जैन एवं श्रीमती बबीता जैन (जबलपुर) तथा मुनि श्री विचारसागर जी महाराज की पिच्छिका श्री अनुराग जैन एवं श्रीमती शेफाली जैन (जबलपुर) ने ग्रहण की।
समाज के सहयोग से सफल हुआ चातुर्मास
संपूर्ण चातुर्मास के आयोजन में अध्यक्ष सिंघई श्री विजय जैन, उपाध्यक्ष श्री रविंद्र जैन, महामंत्री श्री पंकज जैन तथा प्रमुख वक्ता एवं महामंत्री श्री सुलभ जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन की व्यवस्था सकल दिगंबर जैन पंचायत महासभा लखनादौन के माध्यम से की गई। वहीं संपूर्ण चातुर्मास के निवेदक सकल दिगंबर जैन समाज लखनादौन रहे।
पिच्छिका परिवर्तन समारोह में लखनादौन के साथ छपारा, सिवनी, घंसौर, धनोरा, केवलारी, जबलपुर, पिंडरई, भानपुर, भोपाल, इंदौर, सागर, गुना और विदिशा सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सभी ने मुनि संघ के दर्शन, मंगल प्रवचन और पिच्छिका परिवर्तन समारोह में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।