जनजातीय गौरव दिवस हमारी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास का उत्सव : शेषराव यादव
जनजातीय समाज की परंपराएं और संस्कृति भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर : विक्रम आहके
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होने की देता है प्रेरणा : कमलेश उइके
तामिया में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, विधायक राजा कमलेश शाह मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव विशेष अतिथि के रूप में हुए शामिल
Chhindwara, 15 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग, जिला छिंदवाड़ा के तत्वावधान में शासकीय सांदीपनि विद्यालय ग्राउंड, तामिया में जनजातीय गौरव दिवस समारोह श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर निगम महापौर विक्रम आहके एवं जिला पंचायत सदस्य तथा भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उइके की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति उनके अमर बलिदान का स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को स्मरण करने का अवसर है।
राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लें : राजा कमलेश शाह
मुख्य अतिथि अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को समाज के उत्थान और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का उत्सव है जनजातीय गौरव दिवस : शेषराव यादव
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास का उत्सव है। जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय महापुरुषों के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। आवश्यकता है कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखते हुए उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए।
भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर है जनजातीय संस्कृति : विक्रम आहके
नगर निगम महापौर विक्रम आहके ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककलाएं और जीवनशैली भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। इस समाज ने अपनी विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक मूल्यों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान क्रांतिकारी का जीवन हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपने महापुरुषों के इतिहास, संघर्ष और योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होने का दिया संदेश : कमलेश उइके
जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उइके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जागरूक एवं संगठित होने का संदेश दिया। उनका संघर्ष अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज बुलंद करने तथा समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
जनजातीय समाज की परंपराएं, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक मूल्य हमारी राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
समारोह में जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कांता ठाकुर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रीमती ज्योति डेहरिया, आशीष ठाकुर, संजय पटेल, वीरेंद्र राय, जितेंद्र शाह, संदीप रघुवंशी, राहुल उईके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।